हेमंत शर्मा, महू (इंदौर)। सैन्य नगरी महू के बड़गोंदा थाना क्षेत्र में इन दिनों हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों का आतंक चरम पर है। बदमाशों ने इलाके के दो अलग-अलग फार्म हाउसों को अपना निशाना बनाकर सनसनी फैला दी है। खास बात यह है कि यह वारदात उस संवेदनशील इलाके में हुई है जहां बड़ी संख्या में रिटायर्ड आर्मी अधिकारी (सेवानिवृत्त सैन्य अफसर) निवास करते हैं। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र के रहवासियों में दहशत और असुरक्षा का माहौल है।
कर्नल के फार्म हाउस पर बोला धावा
जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने पहली दुस्साहसिक कोशिश ‘डिफेंस एन्क्लेव’ में की। यहाँ एक रिटायर्ड कर्नल के फार्म हाउस को निशाना बनाते हुए नकाबपोश बदमाशों ने कटर से दरवाजा काटकर अंदर घुसने का प्रयास किया। हालांकि, गनीमत रही कि खटपट की आवाज सुनकर घर के लोग समय रहते जाग गए। खुद को घिरता देख बदमाश हाथ में लिए घातक हथियार लहराते और चमकाते हुए मौके से फरार हो गए।
अगली ही रात दूसरे फार्म हाउस में चोरी
कर्नल के घर नाकाम होने के बाद बदमाशों के हौसले पस्त नहीं हुए। उन्होंने अगली ही रात आशापुरा रोड स्थित एक अन्य फार्म हाउस को अपना निशाना बनाया। इस बार बदमाश फार्म हाउस के भीतर घुसने में कामयाब रहे और चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर रफूचक्कर हो गए।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, गश्त बढ़ाने की मांग
बैक-टू-बैक हुई इन वारदातों ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। सेना के पूर्व अधिकारियों और स्थानीय रहवासियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी जाहिर की है। नागरिकों ने मांग की है कि-इलाके में पुलिस की रात्रि गश्त (Night Patrolling) को तुरंत बढ़ाया जाए। संदिग्धों की धरपकड़ के लिए सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
सीसीटीवी खंगाल रही बड़गोंदा पुलिस
पुलिस का बयान: घटना की सूचना मिलते ही बड़गोंदा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस बदमाशों सुराग लगाने के लिए फार्म हाउस और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही नकाबपोश गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

