गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली में दो स्थानों पर खालिस्तान के समर्थन में नारे लिखकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले दो लोगों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इन आरोपियों ने यह कदम सिख फॉर जस्टिस के संस्थापक गुरपतवंत सिंह पन्नू के एक करीबी के कहने पर उठाया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने दिल्ली के दो अलग-अलग स्थानों पर ‘प्रो-खालिस्तान’ और ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ जैसे नारे लिखकर अशांति फैलाने की कोशिश की। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस पूरी साजिश के तार विदेश से जुड़े हुए हैं।

कनाडा में रची गई थी साजिश

पुलिस के अनुसार, 26 जनवरी से पहले दिल्ली में खालिस्तान समर्थक नारे लिखकर माहौल बिगाड़ने की साजिश कनाडा में बैठे खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने रची थी। पन्नू के एक करीबी ने बलजिंदर और रोहित उर्फ कीरथ को इस काम के लिए हायर किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को दिल्ली में खालिस्तान समर्थक नारे लिखने के लिए दो लाख रुपए का लालच दिया गया था।

पन्नू के कई और करीबी आ सकते हैं गिरफ्त में

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी बलजिंदर दिल्ली में एम्बुलेंस चालक के तौर पर काम करता है, जबकि रोहित उसका करीबी साथी है। 26 जनवरी से पहले राजधानी में तनाव का माहौल बनाने और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने के उद्देशय से पन्नू ने यह साजिश रची थी। फिलहाल दोनों आरोपियों से पुलिस की पूछताछ जारी है। साथ ही, पुलिस को आशंका है कि पन्नू के कुछ और करीबी लोग भी इस नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं, जिनकी तलाश जारी है।

दिल्ली पुलिस ने 23 जनवरी को गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ 26 जनवरी को राजधानी में अशांति फैलाने की कथित धमकियों के मामले में एफआईआर दर्ज की। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने भारतीय दंड संहिता (IPC) की धाराओं 196, 197, 152 और 61 के तहत यह मामला दर्ज किया। ये धाराएं आपराधिक साजिश, भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाले कृत्यों और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाले अन्य अपराधों से संबंधित हैं।

पन्नू ने क्या दावा किया?

दिल्ली पुलिस की कार्रवाई सोशल मीडिया पर सर्कुलेट हुए एक वीडियो के बाद शुरू की गई थी, जिसमें गुरपतवंत सिंह पन्नू ने कथित तौर पर गणतंत्र दिवस के आसपास दिल्ली को निशाना बनाने की धमकियां दी थीं। वीडियो में पन्नू ने दावा किया कि रोहिणी और डाबरी जैसे इलाकों में कथित स्लीपर सेल के जरिए खालिस्तान समर्थक पोस्टर चिपकाए गए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m