Thane Gangrape Case: महाराष्ट्र के ठाणे में 22 वर्षीय महिला से कथित गैंगरेप के मामले में आरोपी बनाए गए कल्याण पश्चिम के पूर्व BJP विधायक नरेंद्र पवार ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। पवार ने महाराष्ट्र BJP अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण को अपना इस्तीफा सौंपते हुए आरोप लगाया कि उनके खिलाफ झूठे मामले दर्ज कर उनकी छवि खराब करने की साजिश की जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, महिला ने आरोप लगाया है कि 13 सितंबर को उसे समझौता कराने के बहाने नरेंद्र पवार के कार्यालय बुलाया गया था। इसके बाद पवार और बर्खास्त पुलिस कांस्टेबल शैलेश पाटिल उसे कथित तौर पर बंदूक की नोक पर भिवंडी के बापगांव स्थित एक फार्महाउस ले गए।
महिला का आरोप है कि फार्महाउस में उसे जबरन शराब पिलाई गई और हथियार दिखाकर धमकाया गया। इसके बाद उसके साथ कथित यौन हिंसा की गई। पुलिस के मुताबिक, पवार के वहां से जाने के बाद शैलेश पाटिल ने कथित तौर पर महिला के साथ दोबारा यौन हिंसा की। बाद में आरोपियों के एक सहयोगी ने महिला को उसके घर छोड़ दिया।
कांग्रेस पार्षद से सोशल मीडिया के जरिए संपर्क
महिला ने 16 सितंबर को इंस्टाग्राम पर मिले फोन नंबर के जरिए कांग्रेस पार्षद कंचन कुलकर्णी से संपर्क किया। उसने घटना की जानकारी देने के साथ वीडियो फुटेज और व्हाट्सऐप चैट समेत कथित सबूत भी साझा किए। कंचन कुलकर्णी के मुताबिक, पीड़िता की बात सुनने और उसके द्वारा साझा किए गए वीडियो व चैट देखने के बाद उसे पाडघा पुलिस थाने ले जाया गया।
DGP के हस्तक्षेप के बाद दर्ज हुई FIR
पुलिस के अनुसार, महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते के हस्तक्षेप के बाद पाडघा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। वरिष्ठ निरीक्षक पंकज गिरी ने नरेंद्र पवार और शैलेश पाटिल के खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं में कथित गैंगरेप, हथियार से धमकाने और अन्य आरोपों के तहत FIR दर्ज होने की पुष्टि की है। दोनों आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें जुटी हैं।
नरेंद्र पवार ने क्या कहा?
FIR दर्ज होने के बाद पवार ने BJP नेतृत्व को दिए बयान में कहा कि उनके खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए जा रहे हैं और उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी की छवि प्रभावित न हो, इसलिए वह BJP में अपने सभी पदों से इस्तीफा दे रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



