Thar Fire Incident : कुरुक्षेत्र। दिल्ली-जम्मू नेशनल हाईवे-44 पर एक नई ब्लैक THAR अचानक आग की चपेट में आ गई। हैरानी की बात यह है कि गाड़ी अभी महज करीब 700 किलोमीटर ही चली थी। हाईवे पर चल रही गाड़ी में पहले झटके महसूस हुए और कुछ ही देर बाद डैशबोर्ड पर इंजन वार्निंग लाइट जल उठी। चालक ने स्थिति भांपते हुए गाड़ी सड़क किनारे रोक दी, लेकिन इसके बाद जो हुआ उसने मौके पर अफरा-तफरी मचा दी। आग लगने का वीडियो भी सामने आया है।
यह घटना 11 सितंबर की बताई जा रही है। अंबाला के बराड़ा निवासी एडवोकेट अंशिल अग्रवाल के मुताबिक, उन्होंने ब्लैक THAR पिछले महीने 31 अगस्त को करीब 16 लाख रुपये में खरीदी थी। नई गाड़ी होने के कारण अभी इसका इस्तेमाल भी बेहद कम हुआ था।
अंशिल अग्रवाल ने बताया कि वह 11 सितंबर को बराड़ा से शाहाबाद के रास्ते अंबाला कोर्ट जा रहे थे। उन्हें बार एसोसिएशन के चुनाव में मतदान करना था। इसी दौरान हाईवे पर चलते समय गाड़ी के व्यवहार में अचानक बदलाव महसूस हुआ। THAR झटके देने लगी और उन्हें लगा कि वाहन में कोई तकनीकी समस्या आ गई है।
कुछ ही देर बाद डैशबोर्ड पर इंजन से जुड़ी वार्निंग लाइट दिखाई दी। इसके बाद उन्होंने जोखिम न लेते हुए शाहाबाद में अमन होटल के पास गाड़ी को सड़क किनारे रोक दिया। उनका कहना है कि गाड़ी रोकने के बाद वह इंजन की स्थिति देखने के लिए नीचे उतरे थे।
इसी दौरान बोनट की तरफ से धुआं निकलता दिखाई दिया। वह कुछ समझ पाते, उससे पहले धुएं ने आग की लपटों का रूप ले लिया। देखते ही देखते आग ने गाड़ी के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया और नई THAR हाईवे किनारे धू-धूकर जलने लगी।
अचानक लगी आग के कारण मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें गाड़ी आग की लपटों से घिरी नजर आ रही है। एडवोकेट का कहना है कि इतनी कम चली नई गाड़ी में इस तरह आग लगने से वह खुद भी हैरान हैं।
फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह क्या थी, यह जांच का विषय है। वाहन में तकनीकी खराबी के कारण आग लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह रही, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



