जींद। जींद की नई अनाज मंडी में किसानों और आढ़तियों द्वारा पिछले 13 दिनों से चल रहा धरना मंगलवार को समाप्त हो गया। यह फैसला राकेश टिकैत की अपील के बाद लिया गया, जो स्वयं धरना स्थल पर पहुंचे थे।
धरना स्थल पर किसानों को संबोधित करते हुए टिकैत ने कहा कि हरियाणा का किसान अपने फैसलों पर अडिग रहता है, लेकिन वर्तमान समय आंदोलन को आगे बढ़ाने की रणनीति बनाने का है। उन्होंने किसानों से धरना समाप्त कर चंडीगढ़ में प्रस्तावित महापंचायत की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
महापंचायत में तय की जाएगी की आगे की रणनीति
टिकैत ने घोषणा की कि किसानों की विभिन्न मांगों—जैसे मंडी नियमों में सुधार और फसल खरीद व्यवस्था—को लेकर जल्द ही चंडीगढ़ में महापंचायत आयोजित की जाएगी, जिसमें आगे की रणनीति तय होगी।
दुष्यंत चौटाला पर की टिप्पणी
इस दौरान उन्होंने दुष्यंत चौटाला पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि किसान आंदोलन के दौरान यदि वे पद छोड़कर किसानों के साथ आते, तो उन्हें व्यापक समर्थन मिल सकता था। टिकैत ने यह भी कहा कि चौटाला को पहले अपने राजनीतिक और पारिवारिक आधार को मजबूत करना चाहिए, उसके बाद ही किसानों के बीच जाना चाहिए।
गौरतलब है कि यह धरना मंडी से जुड़े नियमों, फसल खरीद व्यवस्था और किसानों-आढ़तियों की विभिन्न मांगों को लेकर चल रहा था, जिसे अब महापंचायत के जरिए आगे बढ़ाने की तैयारी की जा रही है।

