रायगढ़। जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत कापू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पत्नी की हत्या के मामले में करीब चार महीने से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। वारदात के बाद आरोपी तमिलनाडु भाग गया था और पुलिस से बचने के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी नहीं कर रहा था। गांव लौटने की सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा (29) निवासी गुड़ाआमा इंचपारा पेलमा, थाना कापू के रूप में हुई है। कापू थाना प्रभारी निरीक्षक धर्माराम तिर्की को आरोपी के गांव लौटने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

मारपीट के बाद हुई थी पत्नी की मौत

मामला जून 2026 का है। कापू थाना क्षेत्र में ननकी बाई पहाड़ी कोरवा (30) की मौत के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान मृतिका के पिता और अन्य गवाहों के बयान लिए गए। पुलिस के मुताबिक, गवाहों ने बताया कि 3 जून को कार्तिक राम अपनी पत्नी के साथ मारपीट करते हुए इंचपारा से गुड़ाआमा की ओर ले जा रहा था।

बताया गया कि गाड़ा घुटरा के जंगल-पहाड़ी रास्ते के पास आरोपी ने कथित तौर पर हाथ-मुक्का, डंडे और पत्थर से पत्नी के साथ मारपीट की। महिला के सिर, चेहरे, आंख, पीठ, जांघ और कोहनी में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कापू भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक ने मृत्यु को हॉमिसाइडल यानी हत्यात्मक प्रकृति का बताया। इसके बाद मर्ग जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 88/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।

हत्या के बाद तमिलनाडु में छिपा था आरोपी

पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद गिरफ्तारी के डर से कार्तिक राम तमिलनाडु फरार हो गया था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव गुड़ाआमा इंचपारा पेलमा वापस आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में शराब के बाद विवाद की बात

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि घटना वाले दिन वह अपनी पत्नी के साथ चावल खरीदने घोघरा बाजार गया था। लौटते समय दोनों ने शराब का सेवन किया था। रास्ते में पत्नी नशे की हालत में सो गई। घर चलने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और विवाद बढ़ने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने लकड़ी के डंडे और पत्थर से हमला करने की बात स्वीकार की है। वारदात के बाद गिरफ्तारी के डर से वह तमिलनाडु भाग गया था।

आरोपी की निशानदेही पर पत्थर और डंडा बरामद

कापू पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर लेकर गई और घटनाक्रम का पुनर्निर्माण कराया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल पत्थर और डंडा बरामद कर जब्त किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने उसके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।