सोनू वर्मा, नूंह। जिले के सरकारी स्कूलों में खराब परीक्षा परिणाम को लेकर शिक्षा विभाग अब सख्त रुख अपनाने जा रहा है। जिन सरकारी स्कूलों का परीक्षा परिणाम 40 प्रतिशत तक रहा है, उन सभी स्कूलों के अध्यापकों और संबंधित स्टाफ को जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा ने नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। विभाग की ओर से ऐसे स्कूलों को पत्र भेजकर बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन स्कूलों का रिजल्ट बेहद कमजोर रहा है, वहां के अध्यापकों की कार्यशैली और पढ़ाई व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। यदि जांच में लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अध्यापकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

डीईओ ने कहा कि सरकार शिक्षा स्तर सुधारने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन कुछ स्कूलों के कमजोर परिणाम चिंता का विषय बने हुए हैं। उन्होंने स्कूल मुखियाओं को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दिया जाए और आगामी सत्र में बेहतर परिणाम सुनिश्चित किए जाएं।

शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद जिले के सरकारी स्कूलों में हड़कंप का माहौल बना हुआ है। अध्यापक अब रिकॉर्ड और रिजल्ट से जुड़े दस्तावेज तैयार करने में जुट गए हैं। वहीं अभिभावकों का कहना है कि कमजोर परिणाम वाले स्कूलों में सख्ती जरूरी है ताकि बच्चों की शिक्षा का स्तर सुधर सके।