अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जंगल की खामोशी के बीच अचानक आबादी के आसपास भालू की दस्तक ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। शहडोल के केशवाही वन परिक्षेत्र में गिरवा और बेलिया गांव के आसपास भालू के विचरण की सूचना के बाद वन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। भालू की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग ने दो विशेष टीमें तैनात की हैं। वहीं ग्रामीणों को सावधानी बरतने के लिए गांवों में लाउडस्पीकर के जरिए मुनादी कराई जा रही है।

READ MORE: “रोड नहीं तो वोट नहीं!” बदहाल सड़क से परेशान 2500 मतदाताओं का फैसला; जिला पंचायत उपचुनाव का किया बहिष्कार

बताया जा रहा है कि भालू जंगल से निकलकर खेतों और आबादी से लगे इलाकों में पहुंच रहा है। भालू की मौजूदगी की सूचना सामने आने के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है। खासकर खेतों की ओर जाने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

READ MORE: सतना में स्कूल हादसा: छज्जे का प्लास्टर गिरने से चार बच्चे घायल, मचा हड़कंप

सूचना मिलते ही वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। बीट गार्ड और सुरक्षा श्रमिकों की संयुक्त टीमें लगातार इलाके में गश्त कर रही हैं। टीमों का मुख्य फोकस भालू के मूवमेंट का पता लगाना और उसके आबादी वाले क्षेत्र में आने की स्थिति पर तत्काल निगरानी करना है।

वन विभाग की ओर से ग्रामीणों को भी लगातार जागरूक किया जा रहा है। गांवों में लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों से अपील की जा रही है कि वे अकेले जंगल अथवा खेतों की तरफ न जाएं और भालू दिखाई देने पर उसके करीब जाने या उसे छेड़ने की कोशिश न करें,वन अमले की टीमें भालू की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m