सुरेश पांडेय, सिंगरौली। जिले के सरई थाना क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब सड़क किनारे एक युवक का शव बाइक के नीचे दबा हुआ मिला। घटना निवास चौकी अंतर्गत रजनिया गांव के पास की बताई जा रही है। मृतक की पहचान अजय कुमार बैस निवासी खनतरा, थाना मझौली के रूप में हुई है। युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में तरह-तरह की चर्चा और प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।
डॉग स्क्वॉड टीम को भी मौके पर बुलाया
घटना की सूचना मिलते ही सरई थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह भदौरिया पुलिस टीम के साथ पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो आसपास के क्षेत्र में जांच कर रही है। देवसर अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (डीएसपी) गायत्री तिवारी भी घटनास्थल पर पहुंचीं और पूरे मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना के हर पहलू को खंगालने में जुटी हुई है।
दर्दनाक सड़क हादसाः भोपाल-नागपुर हाईवे पर बाइक पर पलटा कंटेनर, युवक की मौत, पत्नी-बच्चा घायल
पीएम रिपोर्ट से पता चलेगा कारण
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चलेगा। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी का माहौल है और ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल के आसपास जुटी रही।

