दीपक भारद्वाज@होडल। आज से बृज चौरासी कोस की एतिहासिक परिक्रमा शुरू होने वाली है। बावजूद इसके बृज चौरासी कोस परिक्रमा में सड़क पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है सड़क में गहरे गड्ढे हो चुके है। श्रद्धालुओं के लिए पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। ना ही बैठने की कोई उचित व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन द्वारा परिक्रमा मार्ग को सुदृढ़ करने के दावे किए जा रहे है। लेकिन हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है।

हरियाणा सरकार ने करोड़ों रुपए की ग्रांट भेजी

गौरतलब है कि भगवान कृष्ण को समर्पित बृज चौरासी कोस परिक्रमा पलवल जिले के हसनपुर से शुरू हो कर लिखी, खांबी, मार्रोली, डकोरा , बंचारी, सौंध, डाडका आदि गांवों से होकर गुजरती है। जिसमें देश विदेश से करोड़ों श्रद्धालु भगवान कृष्ण के लीला क्षेत्र चौरासी कोस की परिक्रमा कर पुण्य के भागी बनते है। एक माह चलने वाली इस ऐतिहासिक यात्रा में श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा ना हो उसके लिए हरियाणा सरकार ने करोड़ों रुपए की ग्रांट भेजी। बावजूद इसके परिक्रमा मार्ग अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है।

अब तक परिक्रमा मार्ग क्षतिग्रस्त

गांव डाडका के सरपंच यूसुफ खान ने जानकारी देते हुए बताया कि हम बृजवासी है हमारे गांव से बृज की ऐतिहासिक परिक्रमा निकलती है। जिसके संदर्भ में मैने आज से लगभग डेढ़ साल पहले मार्केट कमेटी के एडीओ, जेई आदि के द्वारा सड़क का इस्टीमेट बनवा कर चंडीगढ़ भिजवा दिया था। बावजूद इसके अब तक परिक्रमा मार्ग क्षतिग्रस्त है। सरपंच ने बताया कि मार्केट कमेटी ने इस मार्ग को जिला परिषद को ट्रांसफर कर दिया। अभी कुछ दिन पहले जिला उपायुक्त ने जिले के सभी अधिकारियों के साथ इस मार्ग का जायजा लिया था और इसे जल्द से जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे जिसके बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू किया तो उसमें बेहद घटिया निर्माण सामग्री का लगाने पर कई गांवों के लोगों ने निर्माण कार्य पर आपत्ति जताई है।