Lifestyle Desk – गर्मी के मौसम में एयर कंडीशनर यानी एसी लोगों की सबसे बड़ी जरूरत बन चुका है. घर हो, ऑफिस हो या कार, हर जगह लोग ठंडी हवा में राहत तलाशते हैं. लेकिन लगातार एसी में बैठना शरीर के लिए कई परेशानियां भी खड़ी कर सकता है. अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि लंबे समय तक एसी में रहने से शरीर में दर्द, मांसपेशियों में अकड़न, गर्दन या पीठ में जकड़न महसूस होने लगती है. एक्सपर्ट्स का मानना है कि इसकी बड़ी वजह शरीर का डिहाइड्रेट होना और ठंडी हवा का मांसपेशियों पर असर है.

दरअसल, एसी की हवा वातावरण की नमी को कम कर देती है. इससे कमरे की हवा सूखी हो जाती है और शरीर धीरे-धीरे पानी खोने लगता है. जब शरीर में पानी की कमी होती है तो मांसपेशियां सख्त होने लगती हैं और उनमें दर्द या खिंचाव महसूस हो सकता है. कई बार लोग पूरे दिन एसी में रहते हैं लेकिन पर्याप्त पानी नहीं पीते, जिससे समस्या और बढ़ जाती है.
क्यों होता है ऐसा
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं कि ठंडी हवा ब्लड सर्कुलेशन को भी प्रभावित करती है. लगातार कम तापमान में रहने से शरीर की मांसपेशियां सिकुड़ने लगती हैं, जिससे अकड़न पैदा होती है. खासतौर पर गर्दन, कंधे, कमर और घुटनों में दर्द की शिकायत ज्यादा देखने को मिलती है. जिन लोगों को पहले से गठिया, सर्वाइकल या मांसपेशियों से जुड़ी समस्या होती है, उनमें एसी का असर और तेजी से दिखाई देता है.
शरीर में बढ़ती है जकड़न
ऑफिस में घंटों एसी में बैठने वाले लोगों में यह समस्या आम होती जा रही है. कई लोग घर लौटने के बाद भी एसी में ही रहते हैं, जिससे शरीर को सामान्य तापमान में आने का मौका नहीं मिलता. यही वजह है कि धीरे-धीरे शरीर में जकड़न बढ़ने लगती है और थकान महसूस होती है. हालांकि कुछ आसान उपाय अपनाकर इस परेशानी से बचा जा सकता है.
खूब पानी पियें
सबसे जरूरी है कि एसी में रहने के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पिया जाए. दिनभर में 8 से 10 गिलास पानी शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है. इसके अलावा नारियल पानी, नींबू पानी और फलों का सेवन भी फायदेमंद माना जाता है.
एसी का तापमान रखें सही
एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि एसी का तापमान बहुत कम नहीं रखना चाहिए. 24 से 26 डिग्री सेल्सियस का तापमान शरीर के लिए बेहतर माना जाता है. लंबे समय तक एक ही जगह बैठने के बजाय बीच-बीच में थोड़ी वॉक और स्ट्रेचिंग करनी चाहिए. इससे ब्लड सर्कुलेशन बेहतर रहता है और मांसपेशियों में जकड़न कम होती है.
अगर शरीर में ज्यादा दर्द या अकड़न महसूस हो तो हल्की गर्म सिकाई, योग और एक्सरसाइज भी राहत दे सकती है. साथ ही रात में सोते समय एसी की सीधी हवा शरीर पर पड़ने से बचना चाहिए. छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर एसी की ठंडक का आनंद लिया जा सकता है और शरीर को दर्द व अकड़न से भी बचाया जा सकता है.

