अनमोल मिश्रा, सतना। मध्य प्रदेश के सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत नवरंग पार्क कॉलोनी में एक सनसनीखेज लूट के प्रयास की घटना सामने आई है, जिसका सीसीटीवी फुटेज अब तेजी से वायरल हो रहा है। घटना उस समय की है जब एक युवती कॉलोनी की सुनसान गली से अकेली गुजर रही थी, तभी पहले से घात लगाए बैठे एक अज्ञात बदमाश ने अचानक उस पर हमला कर दिया। 

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी ने बड़ी फुर्ती से युवती के हाथ से मोबाइल झपटने की कोशिश की और उसे जबरन छीनने का प्रयास करने लगा। ​अचानक हुए इस हमले से युवती घबराई नहीं, बल्कि उसने अदम्य साहस का परिचय देते हुए तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया। युवती की तेज आवाज सुनकर और पकड़े जाने के डर से बदमाश के हौसले पस्त हो गए और वह मोबाइल छीने बिना ही मौके से फरार हो गया। इस पूरी वारदात की तस्वीरें पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई हैं, जो अब पुलिस के लिए मुख्य सुराग बनी हुई हैं। 

इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों और नवरंग पार्क कॉलोनी के क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी वारदातों को रोका जा सके। इधर, कोलगावां थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m