अग्निपथ योजना के तहत भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना में भर्ती हुए पहले बैच के अग्निवीरों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। केंद्र सरकार चार साल का कार्यकाल पूरा करने जा रहे अग्निवीरों को सेवा विस्तार देने के प्रस्ताव पर विचार कर रही है। इस संबंध में पिछले कुछ दिनों में दिल्ली में कई उच्चस्तरीय बैठकें भी हो चुकी हैं। अग्निवीरों का पहला बैच 21 नवंबर 2026 को अपनी चार साल की सेवा पूरी कर रहा है। ऐसे में सरकार के संभावित फैसले पर हजारों अग्निवीरों और उनके परिवारों की नजरें टिकी हैं।
क्या है अग्निपथ योजना?
केंद्र सरकार ने 14 जून 2022 को अग्निपथ योजना की शुरुआत की थी। इसके तहत 17.5 से 21 वर्ष की आयु के युवाओं को भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना में चार साल के लिए अग्निवीर के रूप में भर्ती किया जाता है। सेवा अवधि के दौरान उन्हें निर्धारित वेतन और अन्य सुविधाएं मिलती हैं। चार साल पूरे होने पर सेवा निधि पैकेज के तहत करीब 11.71 लाख रुपये की एकमुश्त राशि दी जाती है। हालांकि, अग्निवीरों को नियमित सैनिकों की तरह पेंशन का लाभ नहीं मिलता।
25% अग्निवीरों को मिलेगी स्थायी सेवा
अग्निपथ योजना के मौजूदा प्रावधानों के मुताबिक, प्रत्येक बैच के अधिकतम 25 प्रतिशत अग्निवीरों को प्रदर्शन, योग्यता और सेना की जरूरतों के आधार पर नियमित कैडर में शामिल किया जा सकता है। वहीं, शेष 75 प्रतिशत अग्निवीरों को चार साल की सेवा पूरी होने के बाद मुक्त किया जाता है। हाल ही में भारतीय वायुसेना ने अपने पहले अग्निवीर वायु बैच के 2,850 उम्मीदवारों में से 712 को नियमित सेवा में बनाए रखने का फैसला किया था।
कितने साल का मिल सकता है सेवा विस्तार?
पहले बैच के अग्निवीरों को सेवा विस्तार देने का प्रस्ताव फिलहाल विचाराधीन है। हालांकि, सरकार की ओर से इस पर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो सेवा विस्तार की अवधि कितनी होगी और किन अग्निवीरों को इसका लाभ मिलेगा, यह भी स्पष्ट होना बाकी है।
21 नवंबर से पहले हो सकता है बड़ा फैसला
पहले बैच के अग्निवीर 21 नवंबर 2026 को चार साल का कार्यकाल पूरा कर रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि सरकार इस तारीख से पहले सेवा विस्तार को लेकर स्थिति स्पष्ट कर सकती है। हालांकि, अंतिम फैसला आने तक इसे केवल प्रस्ताव और संभावित बदलाव के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

