संजीव, सोनीपत। जनगणना 2027 के पहले चरण की शुक्रवार से शुरुआत हो गई है। गणनाकर्ता घर-घर जाकर आंकड़े एकत्र कर रहे हैं और निर्धारित प्रक्रिया के तहत जानकारी जुटा रहे हैं। पहले चरण में कुल 33 सवाल पूछे जा रहे हैं, जिनमें मकान की भौतिक स्थिति, परिवार और आवास का विवरण, घरेलू सुविधाएं, डिजिटल उपकरण और संपत्तियों से जुड़े प्रश्न शामिल हैं। यह चरण मुख्य रूप से घरों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और संपत्तियों के आकलन पर केंद्रित है।

DC ने नागरिकों से मांगा सहयोग, सटीक जानकारी देने की अपील
उपायुक्त नेहा सिंह ने जनगणना प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए नागरिकों से सहयोग की अपील की है।
उन्होंने कहा कि जनगणना देश के विकास की आधारभूत प्रक्रिया है, जिससे जनसंख्या, शिक्षा, रोजगार और आवास से जुड़े अहम आंकड़े मिलते हैं। उन्होंने जिलावासियों से आग्रह किया कि गणनाकर्ताओं को सही और पूरी जानकारी दें, ताकि सटीक आंकड़े तैयार हो सकें।

जनगणना के दौरान दी गई जानकारी पूरी तरह गोपनीय
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान दी गई जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है और इसका उपयोग केवल सरकारी योजनाओं के निर्माण में किया जाता है। दूसरा चरण 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 के बीच आयोजित किया जाएगा।

