Lifestyle Desk – भीषण गर्मी का असर अब घरों के अंदर भी साफ महसूस होने लगा है. हालात ऐसे हो जाते हैं कि पंखा चलाने पर भी ठंडी हवा नहीं, बल्कि गर्म लू जैसा एहसास होता है. खासकर जिन घरों की छत सीधे धूप के संपर्क में रहती है या जिनका फर्श खुली धूप से गर्म हो जाता है, वहां रहना काफी मुश्किल हो जाता है. ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाले लोगों के लिए यह परेशानी और बढ़ जाती है, क्योंकि आंगन या खुली जगह से आने वाली सीधी धूप फर्श को तपती हुई तवा बना देती है. ऐसे में छोटे बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत होती है.

हालांकि, कुछ आसान और देसी उपाय अपनाकर इस समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है. सबसे पहले बात करें फर्श को ठंडा रखने की, तो पोछा लगाने का तरीका इसमें बेहद कारगर साबित हो सकता है. आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं.

ठंडे पानी का लगायें पोछा

दिन में दो से तीन बार ठंडे पानी से पोछा लगाने से फर्श का तापमान तुरंत कम होता है और घर में ठंडक का एहसास बना रहता है. अगर पानी में थोड़ा सा नमक मिला दिया जाए, तो यह ठंडक को और देर तक बनाए रखने में मदद करता है.

फर्श पर बिछायें गीला कपड़ा

इसके अलावा, घर के फर्श पर गीले कपड़े या पुराने चादर बिछाना भी एक अच्छा उपाय है. खासकर दोपहर के समय जब धूप सबसे ज्यादा तेज होती है, तब यह तरीका काफी राहत देता है. ध्यान रखें कि कपड़ा बहुत ज्यादा गीला न हो, बल्कि हल्का नम रहे ताकि फिसलन न हो और ठंडक बनी रहे.

पानी का छिड़काव करें

आंगन या खुले हिस्से में पानी का छिड़काव करना भी बेहद प्रभावी तरीका है. इससे जमीन का तापमान कम होता है और घर के अंदर आने वाली हवा भी ठंडी हो जाती है. यह पारंपरिक तरीका गांवों में आज भी खूब इस्तेमाल किया जाता है और बेहद कारगर माना जाता है.

खिड़की में लगायें गीले पर्दे

अगर संभव हो तो घर की खिड़कियों और दरवाजों पर मोटे पर्दे या गीले पर्दे लगाना भी फायदेमंद होता है. इससे बाहर की गर्म हवा सीधे अंदर नहीं आ पाती और घर का तापमान संतुलित रहता है. साथ ही, दोपहर के समय खिड़कियां बंद रखना और सुबह-शाम उन्हें खोलना बेहतर रहता है.

छत में करवायें सफेद पेंट

छत से आने वाली गर्मी को कम करने के लिए भी कुछ उपाय किए जा सकते हैं. छत पर पानी का छिड़काव करना या सफेद पेंट करवाना गर्मी को रिफ्लेक्ट करने में मदद करता है. इसके अलावा, मिट्टी के घड़े में पानी भरकर कमरे में रखना भी प्राकृतिक ठंडक बढ़ाने का आसान तरीका है.