Lifestyle Desk- कभी गांवों में किसानों और बुजुर्गों की पहचान माना जाने वाला गमछा अब एक बार फिर युवाओं के बीच फैशन और लाइफ़स्टाइल का हिस्सा बनता जा रहा है. बदलते दौर में जहां लोग गर्मी से राहत देने वाले हल्के और आरामदायक कपड़ों की तलाश में रहते हैं, वहीं गमछा अपनी उपयोगिता और देसी अंदाज़ की वजह से तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. सोशल मीडिया से लेकर कॉलेज कैंपस और ट्रैवलिंग स्टाइल तक, गमछा अब सिर्फ जरूरत नहीं बल्कि एक ट्रेंड बन चुका है. आइए जानते हैं इसे बांधने और इस्तेमाल के फायदे.

गर्मी में दे ठंडक का एहसास
हल्के सूती कपड़े से बना गमछा गर्मियों के मौसम में शरीर को ठंडक पहुंचाने का काम करता है. इसकी ढीली बुनाई और मुलायम कपड़ा हवा को आसानी से पास होने देता है, जिससे शरीर में घुटन महसूस नहीं होती.
होता है आरामदायक
खास बात यह है कि इसका पारंपरिक चेकर्ड डिजाइन केवल देखने में आकर्षक नहीं होता, बल्कि इसके पीछे वैज्ञानिक कारण भी छिपा है. गमछे की वैफल वीव बुनाई में छोटे-छोटे एयर गैप बने होते हैं, जो कपड़े के भीतर हवा के प्रवाह को बेहतर बनाते हैं. यही वजह है कि तेज गर्मी और उमस में भी इसे पहनने पर आराम महसूस होता है.
सूख लेता है पसीना
गमछे की सबसे बड़ी खासियत इसकी पसीना सोखने की क्षमता है. गर्मी में जब लगातार पसीना आता है, तब यह त्वचा को सूखा रखने में मदद करता है. सिर, गर्दन या चेहरे पर बांधने से यह धूप और लू से भी बचाव करता है. गांवों में किसान लंबे समय से खेतों में काम करते समय इसका इस्तेमाल करते रहे हैं, लेकिन अब शहरों में भी लोग इसे अपने डेली स्टाइल का हिस्सा बना रहे हैं.
हर तरह के ड्रेस में लगता है अच्छा
फैशन एक्सपर्ट्स के मुताबिक, गमछा अब एथनिक और फ्यूजन फैशन का अहम हिस्सा बन चुका है. कई युवा इसे कुर्ता, टी-शर्ट और जींस के साथ कैरी कर रहे हैं. इतना ही नहीं, डिजाइनर्स भी अब गमछा प्रिंट और फैब्रिक का इस्तेमाल जैकेट, दुपट्टे और बैग जैसे फैशन आइटम्स में करने लगे हैं. इससे यह देसी पहचान के साथ स्टाइल स्टेटमेंट भी बन गया है.
पर्यावरण के लिए भी अच्छा
गमछा पर्यावरण के लिहाज से भी बेहतर विकल्प माना जाता है. यह पूरी तरह सूती कपड़े से तैयार होता है, इसलिए त्वचा के लिए सुरक्षित रहता है और बार-बार इस्तेमाल के बाद भी जल्दी खराब नहीं होता. प्लास्टिक या सिंथेटिक फैब्रिक की तुलना में यह ज्यादा टिकाऊ और इको-फ्रेंडली माना जाता है.
तेज गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच ऐसे पारंपरिक वस्त्रों की उपयोगिता फिर से बढ़ रही है. गमछा कम कीमत में आराम, सुरक्षा और स्टाइल तीनों देता है. यही कारण है कि आज की युवा पीढ़ी भी इसे खूब पसंद करती है.

