संजीत कबलाना, झज्जर। केंद्र एवं हरियाणा सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के थीम पर जिला झज्जर में 20 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत विभिन्न विभागों की सहभागिता से जनकल्याण शिविर, प्रगति पथ यात्राएं, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण कार्यक्रम, रोजगार मेले, प्राकृतिक खेती जागरूकता कार्यक्रम तथा पशु मेले सहित अन्य जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

यह जानकारी डीसी वर्षा खांगवाल ने दी। डीसी ने मंगलवार को कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अभियान को सफल बनाने बारे आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अभियान की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए डीसी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित कार्यक्रमों को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से आयोजित करना सुनिश्चित करें।
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों व योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक को मिले इसके लिए व्यापक प्रचार अभियान चलाया जा रहा है। झज्जर जिला में अभियान को प्रभावी रूप से चलाने के लिए संबंधित अधिकारियों को दायित्व सौंपते हुए लोगों को योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि 20 जून तक वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित समयानुसार व्यापक स्तर पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाएं।
डीसी ने बताया कि स्वच्छता अभियान के तहत झज्जर, बहादुरगढ़ और बेरी के शहरी क्षेत्रों में नगर निकायों द्वारा नियमित सफाई अभियान संचालित किया जाए, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायतों के सहयोग से सभी गांवों में विशेष स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। बैठक में डीसी ने विशेष प्रचार अभियान के तहत प्रगति पथ यात्राएं निकालने के भी निर्देश दिए जिसमें एसडीएम की देखरेख में एनसीसी, एनएसएस, स्वयं सहायता समूहों तथा सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित रहेगी। यात्राओं के माध्यम से विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
डीसी ने कहा कि विकसित भारत संकल्प सम्मेलन के आयोजन के लिए आईटीआई परिसर गुढ़ा को संभावित स्थल के रूप में चिन्हित किया गया है। सम्मेलन में सरकार की योजनाओं का लाभ प्राप्त कर चुके लाभार्थियों को अपने अनुभव साझा करने का अवसर दिया जाएगा, जिससे अन्य पात्र नागरिक भी योजनाओं से जुडऩे के लिए प्रेरित होंगे। अभियान के तहत 20 जून तक जिला में जनकल्याण शिविरों का भी आयोजन होगा जिसमें केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लिए पंजीकरण तथा समस्याओं के समाधान की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदना, पीएम सूर्य घर योजना, पीएम स्वनिधि, लखपति दीदी तथा विभिन्न बीमा योजनाओं के पात्र लाभार्थियों के पंजीकरण पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बड़े गांवों में ग्राम सभाओं के माध्यम से समाचार एवं जागरूकता बैठकों का आयोजन किया जाए, ताकि ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी सीधे उपलब्ध करवाई जा सके। उन्होंने बताया कि जिला में 20 जून तक तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी, जिसमें केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों, विकास योजनाओं तथा जनकल्याणकारी नीतियों को प्रदर्शित किया जाएगा। प्रदर्शनी में समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
आफ व ऑन लाइन मोड से भी होगा प्रचार :
डीसी ने कहा कि विशेष जागरूकता अभियान के तहत सरकार की उपलब्धियों पर केंद्रित योजनाओं के बारे में जहां आफ लाइन कार्यक्रम होंगे वहीं ऑन लाइन चित्रकला, पोस्टर मेकिंग, सहित लाभार्थियों के अनुभव साझा करने तथा योजनाओं के लिए पंजीकरण जैसे कार्यक्रम भी समानांतर रूप से आयोजित किए जाएंगे। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग शिक्षा विभाग के सहयोग से इन प्रतियोगिताओं का संचालन करेगा। वहीं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, पशुपालन विभाग को पशु मेलों का आयोजन कर पशुपालकों को पशु स्वास्थ्य, टीकाकरण एवं आधुनिक पशुपालन तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही रोजगार विभाग द्वारा 20 जून तक रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें युवाओं को रोजगार के अवसरों, कौशल विकास कार्यक्रमों तथा स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
डीसी ने सभी विभागों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेष जनसंपर्क अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर एसडीएम झज्जर रवि मीणा, एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, एसडीएम बादली विशाल कुमार व सीटीएम रितु सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

