सोनू वर्मा, नूंह। नूंह में प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया। हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष ने आज जिला नूंह के लघु सचिवालय की दूसरी मंजिल पर आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित मीटिंग हॉल के नवीनीकरण का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उनके साथ हरियाणा की प्रथम महिला मित्रा घोष और उपायुक्त अखिल पिलानी भी मौजूद रहे।

नवनिर्मित मीटिंग हॉल को अत्याधुनिक तकनीक और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर से लैस किया गया है, जिससे प्रशासनिक बैठकों को और अधिक प्रभावी व सुव्यवस्थित बनाया जा सकेगा। राज्यपाल ने कहा कि इस तरह की सुविधाएं प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और तेजी लाने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने अधिकारियों से जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने का भी आह्वान किया।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि इस मीटिंग हॉल के नवीनीकरण से जिले में बैठकों और योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों में खासा उत्साह देखने को मिला। यह पहल नूंह जिले के विकास और प्रशासनिक दक्षता को नई दिशा देने वाली साबित होगी।

