प्रदीप मालवीय, उज्जैन। “सिंहस्थ महाकुंभ – 2028” की तैयारियों में इस बार अत्याधुनिक तकनीक और विशाल पार्किंग व्यवस्था पर विशेष फोकस किया जा रहा है । उज्जैन रेंज के एडीजी राकेश गुप्ता ने बताया कि बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को देखते हुए करीब 3000 हेक्टेयर क्षेत्र में पार्किंग विकसित की जा रही है । इसके साथ ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित निगरानी प्रणाली और बड़ी संख्या में ड्रोन का उपयोग कर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाएगा ।

एडीजी राकेश गुप्ता ने कहा कि सिंहस्थ के दौरान सबसे बड़ी चुनौती लाखों श्रद्धालुओं के वाहनों का सुचारु पार्किंग प्रबंधन रहेगा । इसके लिए लगभग 3000 हेक्टेयर क्षेत्र में पार्किंग स्थल विकसित किए जा रहे है । उन्होंने कहा कि केवल पार्किंग बनाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि वाहनों का व्यवस्थित संचालन भी बड़ी जिम्मेदारी होगी, जिस पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

उन्होंने बताया कि इस बार सिंहस्थ में AI आधारित तकनीकों का व्यापक उपयोग किया जाएगा। आई-ट्रिपल-सी (I-CCC) से जुड़े AI टूल्स के माध्यम से स्थिति पर लगातार नजर रखी जाएगी, जिससे समय रहते अलर्ट मिल सके और किसी भी संभावित समस्या का तुरंत समाधान किया जा सके। इसके अलावा बड़ी संख्या में ड्रोन तैनात कर भीड़, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m