The Great Khali Accident : पानीपत। WWE के मशहूर पूर्व रेसलर और ‘द ग्रेट खली’ के नाम से दुनियाभर में पहचान बनाने वाले दिलीप सिंह राणा शनिवार को सड़क हादसे का शिकार हो गए। पानीपत के पास जीटी रोड पर नेशनल हाईवे-44 में उनकी गाड़ी की एक अन्य वाहन से टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों की भीड़ जमा हो गई।

जानकारी के मुताबिक, द ग्रेट खली अपनी गाड़ी से कुरुक्षेत्र की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जब उनका वाहन पानीपत में जीटी रोड से गुजर रहा था, तभी दूसरे वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में उनकी गाड़ी को नुकसान पहुंचा है।

राहत की बात यह रही कि खली और उनके साथ गाड़ी में मौजूद अन्य लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहगीर मौके पर पहुंचे। कुछ समय के लिए घटनास्थल पर लोगों और प्रशंसकों की भीड़ भी जमा हो गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू करवाया। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि दुर्घटना की पूरी वजह सामने आ सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m