फरीदाबाद। कच्चा खेड़ी रोड पर एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार एक्सयूवी कार ने दो साल के मासूम बच्चे को बेरहमी से कुचल दिया। रविवार शाम मासूम प्रदीप अपनी मां लक्ष्मी की उंगली पकड़कर सड़क किनारे पैदल चल रहा था, तभी पीछे से अनियंत्रित होकर आई कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। कार का अगला पहिया बच्चे के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और सुरक्षित सड़कों के दावों की पोल खोल दी है।

सॉफ्टवेयर इंजीनियर निकला कातिल ड्राइवर

हादसे को अंजाम देने वाला आरोपी ड्राइवर सेक्टर 87 का निवासी है और नोएडा की एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्चे की मां भी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिन्हें इलाज के लिए ग्रेटर फरीदाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गुस्साई भीड़ ने दबोचा, मां अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही

घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीदों ने भागने की कोशिश कर रहे ड्राइवर को मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। खेड़ी पुल थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर गाड़ी को कब्जे में ले लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।