वीरेंद्र गहवई, बिलासपुर। पत्नी की हत्या मामले में ट्रायल कोर्ट का फैसला पलटते हुए हाईकोर्ट ने आरोपी पति दीपनारायण रजक को उम्रकैद की सजा सुनाई है। कोर्ट ने उसे एक महीने के भीतर अतिरिक्त सत्र न्यायालय में सरेंडर करने का निर्देश दिया था। आदेश के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। ट्रायल कोर्ट ने इस मामले में पति समेत ससुराल पक्ष के आरोपियों को बरी कर दिया था। हालांकि हाईकोर्ट ने सबूतों के अभाव में महिला की सास, ससुर, चाचा ससुर और चाची सास को मिली राहत बरकरार रखी।

पूरा मामला बिलासपुर के महमंद निवासी मनहरणलाल निर्मलकर की बेटी ममता से जुड़ा है। दरअसल, ममता की शादी चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम परसदा निवासी दीप नारायण रजक से हुई थी। शादी के दो साल के भीतर ही ममता की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शुरुआती जांच के दौरान पुलिस और तहसीलदार को कमरा अंदर से बंद मिला था।

narayana

शव पंखे से साड़ी के सहारे लटका हुआ था। पहली नजर में मामला आत्महत्या का लगा, लेकिन घटना के समय घर में केवल पति-पत्नी मौजूद थे, जिससे पति पर संदेह बना रहा। तत्कालीन तहसीलदार एमआर गायकवाड़ ने मौके की गहन जांच की। जांच में सामने आया कि ममता की गला दबाकर हत्या की गई थी। बाद में शव को आत्महत्या का रूप देने के लिए पंखे से लटका दिया गया था।

पोस्टमार्टम करने वाले डॉ. एआर बंजारे ने रिपोर्ट में स्पष्ट किया कि ममता की मौत फांसी से नहीं हुई थी। दम घुटने और गला घोंटने से उसकी मौत हुई थी। ममता के चेहरे, आंख, भौंह और दोनों हाथों पर चोट के निशान मिले थे। ये संकेत दे रहे थे कि मौत से पहले उसके साथ मारपीट हुई थी।

हाईकोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि घटना के समय घर में केवल पति और पत्नी मौजूद थे। ऐसे में पत्नी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका संतोषजनक जवाब आरोपी पति नहीं दे सका। केवल इस आधार पर कि पहले कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई थी, पति की क्रूरता को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। ममता के पिता मनहरणलाल ने हाईकोर्ट को बताया कि शादी के शुरुआती दो महीने सब कुछ सामान्य था। इसके बाद दीप नारायण रजक ने उनकी बेटी को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आरोपी वाशिंग मशीन की मांग कर रहा था। साथ ही हर महीने 2 हजार रुपए नकद और अपनी पढ़ाई के खर्च के लिए लगातार पैसे मांगता था।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H