राकेश कथूरिया, कैथल। सेवा और सुरक्षा का दम भरने वाली कैथल पुलिस ने एक बार फिर मानवता की बड़ी मिसाल पेश की है। डायल-112 की टीम ने अपनी तत्परता दिखाते हुए एक भटके हुए 3 वर्षीय मासूम बच्चे को महज एक घंटे के भीतर सुरक्षित उसके माता-पिता से मिलवा दिया। पुलिस की इस फुर्ती की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया और बच्चा सही-सलामत अपने घर पहुंच गया।

जींद रोड पर लावारिस घूम रहा था बच्चा
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि डायल-112 (गाड़ी संख्या 387) के इंचार्ज एचसी अनिल कुमार की टीम को एक सूचना मिली थी। किसी राहगीर ने बताया कि प्योदा रोड से जींद रोड की तरफ एक बहुत छोटा बच्चा अकेला और लावारिस हालत में घूम रहा है। खबर मिलते ही पुलिस टीम बिना एक पल गंवाए मौके पर पहुंची और बच्चे को अपनी सुरक्षा में ले लिया।
छोटा होने के कारण घर का पता नहीं बता पा रहा था मासूम
बच्चा इतना छोटा था कि वह रोए जा रहा था और अपने घर या माता-पिता के बारे में कुछ भी साफ नहीं बता पा रहा था। पुलिस टीम ने स्थिति की गंभीरता को समझा और तुरंत आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। सोशल मीडिया और स्थानीय संपर्कों की मदद से बच्चे की पहचान जुटाने की कोशिश की गई। पुलिस की यह मेहनत रंग लाई और मात्र एक घंटे में बच्चे के परिवार का पता लगा लिया गया।
खेलते-खेलते दूर निकल गया था बच्चा, परिजनों ने जताया आभार
परिजनों को तुरंत सिविल लाइन थाने बुलाया गया। कागजी औपचारिकताएं और पूरी तसल्ली करने के बाद मासूम को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। कलेजे के टुकड़े को सही-सलामत देखकर माता-पिता भावुक हो गए और उन्होंने रोते हुए कैथल पुलिस और डायल-112 की टीम का बार-बार धन्यवाद किया। पता चला कि बच्चा प्योदा रोड का रहने वाला है, जो घर के बाहर खेलते-खेलते जींद रोड की तरफ निकल आया था। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने भी पुलिस टीम के इस सराहनीय और संवेदनशीलता से भरे कार्य की पीठ थपथपाई है।

