भुवनेश्वर: राष्ट्रीय स्तर पर सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहे ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) अभियान की गूंज अब ओडिशा में भी सुनाई देने लगी है। राज्य के बेरोजगार और मेधावी युवाओं की आवाज को बुलंद करते हुए छात्र नेता विभूति महापात्र ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की है, जिसमें उन्होंने राज्य सरकार की भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है और बड़े आंदोलन का बिगुल फूंका है।

छात्र नेता विभूति महापात्र ने कहा कि, “देश और राज्य के पढ़े-लिखे मेधावी युवाओं को यदि ‘कॉकरोच’ (तिलचट्टा) कहा जा रहा है, तो हमें इस बात पर गर्व है।” उन्होंने राज्य में अटकी पड़ी सरकारी नौकरियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि ओडिशा में सब-इंस्पेक्टर (SI) परीक्षा में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है। आज राज्य में 1 लाख 56 हजार से ज्यादा योग्य युवा ‘कॉकरोच’ बनकर नौकरी की उम्मीद में दिन गिन रहे हैं।
महापात्र ने आगे कहा कि सिर्फ ग्राम रोजगार सेवक (GRS) पद के लिए फॉर्म भरकर करीब 2 लाख मेधावी युवा भर्ती प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं। इसके अलावा भी सरकार के कई विभागों में लाखों छात्र सिर्फ नोटिफिकेशन जारी होने की आस में बैठे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरकार को घेरते हुए विभूति महापात्र ने सीधे तौर पर चेतावनी दी है। उन्होंने कहा, “सरकार तुरंत सभी विभागों की नौकरियों के लिए नोटिफिकेशन जारी करने की तारीख का ऐलान करे, नहीं तो हम आंदोलन की तारीख घोषित कर देंगे।”
उन्होंने कड़े लहजे में कहा कि यदि यह जायज मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं, तो राज्य के लाखों मेधावी युवा एकजुट होकर कॉकरोच की तरह लोकसेवा भवन (सचिवालय) की दीवारों को लांघकर भीतर घुस जाएंगे।

