धनबाद। इतवारी से धनबाद होकर मधुपुर जाने वाली सावन स्पेशल ट्रेन के साथ हुए हादसे के दो दिन बाद भी रेल परिचालन पूरी तरह सामान्य नहीं हो सका है। मूरी के पास ट्रैक पर भेड़िए का सिर फंसने के कारण ट्रेन का एक कोच बेपटरी हो गया था। इसके बाद से कई ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ा है।
सावन स्पेशल आठ घंटे की देरी से पहुंची मधुपुर
इतवारी-मधुपुर सावन स्पेशल को मूरी के पास हादसे के बाद परिवर्तित मार्ग से चलाया गया। ट्रेन को मूरी से चंद्रपुरा के बीच बदले हुए रूट से संचालित किया गया, जिसके चलते यह करीब 8 घंटे की देरी से मधुपुर पहुंची।
मधुपुर पहुंचने में देरी का असर वापसी की ट्रेन पर भी पड़ा। ट्रेन को सुबह 9 बजे के बजाय करीब 11 घंटे 37 मिनट की देरी से रात 8:37 बजे मधुपुर से रवाना किया गया। इसके चलते इसके देर शाम इतवारी पहुंचने की संभावना है।
मालदा टाउन-सूरत एक्सप्रेस भी प्रभावित
हादसे का असर मालदा टाउन-सूरत एक्सप्रेस पर भी पड़ा है। शनिवार को रवाना हुई ट्रेन दुर्गापुर-अंडाल के बीच मार्ग परिवर्तन के कारण प्रभावित हुई और शाम के बजाय देर रात धनबाद पहुंची।
वहीं, धनबाद-चंद्रपुरा रेलखंड पर भी सावन स्पेशल के बेपटरी होने का असर देखने को मिला। ट्रेन को लंबे समय तक रोके जाने के कारण इसके परिचालन में काफी देरी हुई।
सूरत-मालदा ट्रेन भी 8 घंटे लेट खुलेगी
परिचालन प्रभावित होने के कारण सूरत से मालदा टाउन जाने वाली ट्रेन भी सोमवार को अपने निर्धारित समय दोपहर 2:20 बजे के बजाय करीब 8 घंटे की देरी से रात 10:20 बजे रवाना होगी।
ट्रेन के देर से खुलने के कारण धनबाद और मालदा टाउन पहुंचने के समय में भी बदलाव होगा। यात्रियों को निर्धारित समय से काफी देर तक यात्रा करनी पड़ सकती है।हादसे के बाद ट्रेनों के लगातार प्रभावित रहने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे परिचालन को सामान्य करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया जारी है।


