सुप्रिया पांडेय, रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के रंग में इस बार रोमांच और देशभक्ति का भी अनूठा संगम देखने को मिला। नवा रायपुर सेंध लेक के ऊपर आसमान में जब भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों ने उड़ान भरी तो हर कोई रोमांचित हो उठा। कभी आसमान से पैराशूट के जरिए जवानों की छलांग तो कभी हेलीकॉप्टर से गरुड़ कमांडो की सटीक तैनाती और फिर सारंग टीम के एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज हवाई करतब देखते ही बन रहा था।

दो दिनों तक सेंध झील का आसमान भारतीय वायुसेना के शौर्य, साहस और अद्भुत उड़ान कौशल का गवाह बना। सोमवार को राज्यपाल रमेन डेका की मौजूदगी में इस भव्य एयर शो का समापन हुआ। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के तहत 1 और 2 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर के सेंध झील के ऊपर भारतीय वायुसेना ने दो दिवसीय हवाई प्रदर्शन का आयोजन किया। सोमवार को समापन समारोह में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। बड़ी संख्या में लोग इस ऐतिहासिक और रोमांचक नजारे के साक्षी बने। आसमान में उड़ान भरते हेलीकॉप्टरों और वायुसेना के जवानों के करतबों ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया।

आसमान की ऊंचाइयों से पैराशूट के जरिए लगाई छलांग

एयर शो की शुरुआत के आकर्षणों में भारतीय वायुसेना की ‘आकाश गंगा’ स्काईडाइविंग टीम का प्रदर्शन भी शामिल रहा। टीम के जांबाज जवानों ने आसमान की ऊंचाइयों से पैराशूट के जरिए छलांग लगाई। इसके बाद Mi-17 हेलीकॉप्टर के जरिए गरुड़ कमांडो की त्वरित तैनाती का प्रदर्शन किया गया। सेंध लेक के आसमान में सबसे ज्यादा रोमांच भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध ‘सारंग’ हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने बिखेरा। एक साथ उड़ान भरते हेलीकॉप्टर, कभी एक-दूसरे के बेहद करीब से गुजरते हुए तो कभी आसमान में आकर्षक फॉर्मेशन बनाते हुए नजर आए।

देखें वीडियो –

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m