‘हैरी पॉटर’ (Harry Potter) फिल्म सीरीज के करोड़ों फैंस के लिए खुशखबरी है. जादू, रोमांच और दोस्ती से भरपूर इस आइकॉनिक फ्रेंचाइजी का जादू एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौटने जा रहा है. वर्षों बाद दर्शकों को सिनेमाघरों में हैरी पॉटर, रॉन वीजली और हर्माइनी ग्रेंजर की मशहूर तिकड़ी को दोबारा देखने का मौका मिलेगा. जे.के. रोलिंग के लोकप्रिय उपन्यासों पर आधारित यह फिल्म सीरीज इस साल अपनी रिलीज के 25 साल पूरे होने का जश्न मना रही है. इसी खास मौके पर मेकर्स ने पूरी आठ फिल्मों को दोबारा थिएटर में रिलीज करने का ऐलान किया है.

27 अगस्त से 3 सितंबर तक चलेगा जादुई सफर

फिल्म के मेकर्स ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर री-रिलीज की घोषणा करते हुए बताया कि ‘हैरी पॉटर’ की सभी आठ फिल्में 27 अगस्त से 3 सितंबर के बीच चुनिंदा सिनेमाघरों में दिखाई जाएंगी. इस ऐलान के बाद दुनियाभर के फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है.

मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर फिल्म सीरीज की कई यादगार झलकियां साझा करते हुए लिखा, “जादू फिर लौट रहा है. आठों ‘हैरी पॉटर’ फिल्में 27 अगस्त से 3 सितंबर तक बिग स्क्रीन पर देखने को मिलेंगी. 31 जुलाई से टिकटों की बिक्री शुरू होगी.” पोस्ट के साथ अमेरिका और कनाडा के शो-टाइम्स की जानकारी भी साझा की गई है. हालांकि, भारत में इस री-रिलीज को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. ऐसे में भारतीय फैंस को फिलहाल आधिकारिक अपडेट का इंतजार करना होगा.

2001 में शुरू हुआ था हैरी पॉटर का सफर

‘हैरी पॉटर’ फिल्म सीरीज का पहला भाग ‘Harry Potter and the Philosopher’s Stone’ साल 2001 में रिलीज हुआ था. इस फिल्म ने दर्शकों को युवा जादूगर हैरी पॉटर, उसके दोस्तों और हॉगवर्ट्स स्कूल ऑफ विचक्राफ्ट एंड विजार्ड्री की जादुई दुनिया से परिचित कराया. फिल्म को दुनियाभर में जबरदस्त सफलता मिली और इसके बाद यह फ्रेंचाइजी लगातार नई ऊंचाइयों पर पहुंचती गई.

जानिए कब रिलीज हुई थीं आठों फिल्में

  • Harry Potter and the Philosopher’s Stone – 2001
  • Harry Potter and the Chamber of Secrets – 2002
  • Harry Potter and the Prisoner of Azkaban – 2004
  • Harry Potter and the Goblet of Fire – 2005
  • Harry Potter and the Order of the Phoenix – 2007
  • Harry Potter and the Half-Blood Prince – 2009
  • Harry Potter and the Deathly Hallows – Part 1 – 2010
  • Harry Potter and the Deathly Hallows – Part 2 – 2011

इन फिल्मों ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया, बल्कि पॉप कल्चर का अहम हिस्सा भी बन गईं. आज भी यह सीरीज दुनिया की सबसे लोकप्रिय और सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली फिल्म फ्रेंचाइजियों में शामिल है.