शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने छतरपुर की घटना पर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स (X) में किसानों पर आधी रात को लाठीचार्ज घटना की निंदा करते हुए कृत्य को अमानवीय बताया है।
अपराधियों की तरह पीटना अमानवीय और निंदनीय
उन्होंने लिखा- छतरपुर के प्रभावित 20 से अधिक गांवों की माताओं-बहनों और किसानों पर आधी रात को लाठीचार्ज लोकतंत्र पर कलंक है। अपने हक, जमीन और भविष्य की लड़ाई लड़ रहे लोगों को अपराधियों की तरह पीटना अमानवीय और निंदनीय है। ₹45,000 करोड़ के प्रोजेक्ट के नाम पर लोगों को उजाड़ना और बदले में नाममात्र मुआवजा देना अन्याय है। महिलाओं-बच्चों पर वाटर कैनन और बल प्रयोग शासन की संवेदनहीनता को उजागर करता है।
कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी
कांग्रेस विकास की विरोधी नहीं है लेकिन विकास के नाम पर जनता के हक और अधिकारों को छीनना कतई स्वीकार्य नहीं, कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है जरूरत पड़ने पर सड़क पर भी उतरेगी। मुख्यमंत्री तुरंत हिंसा की निष्पक्ष जांच कराए, दोषी अधिकारियों पर कार्यवाही करे और प्रभावितों को न्यायपूर्ण व सम्मानजनक मुआवजा सहित पुनर्वास सुनिश्चित करे।

