अजय सैनी, भिवानी: हरियाणा की सियासत में सद्भाव और भाईचारे के मुद्दे को लेकर पिछले 7 महीनों से जारी पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की ‘सद्भाव यात्रा’ अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है। वीरवार को भिवानी के एक निजी रेस्तरां में आयोजित कांग्रेस की पत्रकार वार्ता में नेताओं ने इस यात्रा की उपलब्धियों और इसके सियासी मायनों की विस्तृत जानकारी साझा की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले कांग्रेस नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और देश की तरक्की में उनके योगदान को याद किया।
23 मई को रोहतक में महासंगम
पत्रकार वार्ता को पूर्व विधायक डॉ. शिव शंकर भारद्वाज, राजेंद्र उर्फ रज्जू अहलावत, विजेंद्र सिवाच, वीरेंद्र किरोड़ी और रघुबीर सिंह रंगा ने संयुक्त रूप से संबोधित किया। नेताओं ने बताया कि यह यात्रा पिछले साल 5 अक्टूबर को जींद के ऐतिहासिक दनौदा गांव (बनैण खाप चबूतरे) से शुरू हुई थी।
अपने सफर के 231वें दिन यह यात्रा प्रदेश के सभी जिलों और 90 विधानसभा क्षेत्रों को लांघकर रोहतक में प्रवेश करेगी। आगामी 23 मई को रोहतक के भिवानी स्टैंड पर इस महायात्रा का औपचारिक समापन होगा।
एकजुटता का बड़ा प्रदर्शन कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, रोहतक का समापन समारोह केवल एक यात्रा का अंत नहीं, बल्कि हरियाणा कांग्रेस की एकजुटता और सांगठनिक ताकत का बड़ा प्रदर्शन होगा। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह द्वारा पार्टी के उन दिग्गजों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने समय-समय पर राज्य में संगठन की कमान संभाली है।
भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेताओं ने मौजूदा भाजपा सरकार की नीतियों पर भी तीखे प्रहार किए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के शासनकाल में हरियाणा विकास की पटरी से उतर चुका है।
कांग्रेस नेताओं ने मुख्य रूप से इन मुद्दों को उठाया
- समाज में नफरत फैलाकर पारंपरिक भाईचारे को नुकसान पहुंचाया गया।
- रोजगार के मोर्चे पर सरकार पूरी तरह विफल रही, जिससे युवाओं में हताशा है।
- ग्रामीण इलाकों, शहरी बुनियादी सुविधाओं और खाप क्षेत्रों की लगातार अनदेखी की गई।
- हर वर्ष पेपर लीक जैसे मामले सामने आ रहे हैं, जो युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं।
नेताओं ने दावा किया कि ‘सद्भाव यात्रा’ ने भौगोलिक दूरी तय करने के साथ-साथ जनता के बीच पैदा की गई अविश्वास की खाई को पाटने का काम किया है।

