ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘दशरा’ (Dasara) की शानदार सफलता के बाद अब साउथ सिनेमा के नेचुरल स्टार नानी (Nani) और निर्देशक श्रीकांत ओडेला (Srikanth Odela) फिर से बड़े पर्दे पर तहलका मचाने के लिए तैयार है. हाल ही में मेकर्स ने अपकमिंग पैन-इंडिया एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘द पैराडाइज’ (The Paradise) का टीजर जारी कर दिया है. इस 1 मिनट 42 सेकेंड के टीजर ने सोशल मीडिया पर सनसनी फैला दिया है.

1980 का सिकंदराबाद और ‘जाडल’ की क्रांति की दिखाएगी कहानी
बता दें कि फिल्म का खौफनाक बैकग्राउंड, खूंखार एक्शन और नानी (Nani) का अब तक का सबसे अलग लुक दर्शकों के रोंगटे खड़े कर रहा है. सामने आए फिल्म ‘द पैराडाइज’ (The Paradise) के टीजर की शुरुआत एक गंभीर वॉयसओवर से होती है, जो सवाल उठाता है कि आखिर इस जमीन और पहचान पर असली हक किसका है. फिल्म की कहानी 1980 के दशक के सिकंदराबाद की झुग्गी-झोपड़ियों और शोषित वर्ग के संघर्ष पर आधारित है. नानी (Nani) ने फिल्म में ‘जाडल’ (Jadal) नाम के एक जुझारू शख्स का किरदार निभाया है, जो अत्याचार के खिलाफ अपने लोगों की आवाज बनता है और एक बड़ी क्रांति का नेतृत्व करता है.
नानी का अब तक का सबसे खूंखार रूप
इस टीजर की सबसे बड़ी यूएसपी नानी (Nani) का अनसुना और अनदेखा अवतार है. दो चोटियों वाले हेयरस्टाइल, खून से लथपथ चेहरे और हाथ में तेज धारदार हथियारों की चेन लिए नानी का गुस्सा पर्दे पर साफ झलकता है. टीजर का अंत बेहद रोंगटे खड़े कर देने वाले सीन से होता है, जहां नानी लाशों के ढेर पर बैठे नजर आते हैं. ‘दशरा’ के बाद नानी का यह अब तक का सबसे एग्रेसिव और वायलेंट ट्रांसफॉर्मेशन माना जा रहा है.
विलेन के रूप में नजर आएंगे राघव जुयाल
फिल्म ‘द पैराडाइज’ (The Paradise) के टीजर में बॉलीवुड एक्टर और डांसर राघव जुयाल (Raghav Juyal) की एंट्री ने हर किसी को हैरान कर दिया है. राघव फिल्म में ‘विक्रम मालिक’ नाम के मुख्य खलनायक की भूमिका में निभा रहे हैं. नानी और राघव जुयाल के बीच का आमना-सामना और स्क्रीन प्रेजेंस से इस फिल्म में जबरदस्त एक्शन-रिवेंज ड्रामा देखने को मिलने वाला है. इन दो स्टार्स के अलावा फिल्म में वरिष्ठ अभिनेता मोहन बाबू और कायाडू लोहार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे. टीजर से पहले रिलीज हुआ फिल्म का गाना ‘आया शेर’ (Aaya Sher) पहले ही 200 मिलियन से ज्यादा व्यूज हासिल कर यूट्यूब और सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है.
8 भाषाओं में रिलीज होगी फिल्म
एसएलवी सिनेमाज (SLV Cinemas) के बैनर तले सुधाकर चेरुकुरी द्वारा निर्मित इस भव्य प्रोजेक्ट को दुनिया भर के सिनेमाघरों में बड़े पैमाने पर उतारने की तैयारी है. इस फिल्म को कुल 8 भाषाओं तेलुगु, हिंदी, तमिल, कन्नड़, मलयालम, बंगाली, अंग्रेजी और स्पेनिश में 24 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा.


