प्रदीप मालवीय, उज्जैन। बाबा महाकाल की पहली सावन सवारी में सोमवार को पूरा शहर शिवभक्ति में सराबोर नजर आया। सवारी मार्ग पर हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन किए और जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। इस दौरान नगर निगम ने केवल व्यवस्थाओं पर ही नहीं, बल्कि स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता पर भी विशेष ध्यान दिया। नगर निगम की एक टीम के द्वारा सवारी में नुक्कड़ नाटक कर श्रद्धालुओं से लगातार अपील की गई कि कचरा इधर-उधर न फेंकें और निर्धारित स्थान पर ही डालें, ताकि धार्मिक आयोजन की गरिमा के साथ शहर की स्वच्छता भी बनी रहे।
बिना समय गंवाए सफाई अभियान शुरू
सवारी समाप्त होते ही नगर निगम के सफाई मित्रों ने बिना समय गंवाए सफाई अभियान शुरू कर दिया। कुछ ही देर पहले जहां हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ थी, और फूल और अन्य सामग्री बिखरी पड़ी थी वहीं थोड़ी ही देर में पूरा सवारी मार्ग फिर से साफ और व्यवस्थित दिखाई देने लगा। इससे आवागमन भी सामान्य रूप से शुरू हो गया और श्रद्धालुओं तथा स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
400 कर्मचारियों की विशेष टीम तैनात
नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने बताया कि बाबा महाकाल की सवारी के लिए साफ-सफाई, घाटों की व्यवस्था, फायर सेफ्टी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर करीब 400 कर्मचारियों की विशेष टीम तैनात की गई थी । उन्होंने कहा कि सवारी शुरू होने से पहले ही सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई थीं । जैसे ही सवारी आगे बढ़ी और समाप्त हुई, सफाई मित्रों ने तुरंत पूरे मार्ग की सफाई शुरू कर दी।
घाटों पर भी विशेष टीमें तैनात
आयुक्त ने बताया कि नगर निगम की टीम पूरे समय अलर्ट रही। घाटों पर भी विशेष टीमें तैनात थीं। इसके साथ ही जर्जर और चिन्हित भवनों की लगातार निगरानी की गई, ताकि सवारी के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। फायर सेफ्टी सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी लगातार नजर रखी गई।
मेहनत की नागरिकों और श्रद्धालुओं ने सराहना की
नगर निगम की टीम ने सवारी मार्ग पर फैले कचरे, फूल-मालाओं और अन्य अपशिष्ट को तत्काल हटाकर पूरे मार्ग को स्वच्छ बनाया। सफाई मित्रों की तत्परता का ही परिणाम रहा कि कुछ ही समय में सड़कें पहले की तरह साफ – सुथरी दिखाई देने लगीं। उनकी इस मेहनत की स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने भी सराहना की।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


