सोनू वर्मा, नूंह। नूंह पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब कारोबारियों के मंसूबों पर करारा प्रहार किया है। चौकी जयसिंहपुर प्रभारी सूबे सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास एक कंटेनर से करीब 30 लाख रुपये कीमत की 653 पेटी अवैध बीयर बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है और पुलिस की मुस्तैदी की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक बंद बॉडी कंटेनर में भारी मात्रा में बीयर भरकर राजस्थान की ओर भेजी जा रही है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सूबे सिंह ने अपनी टीम के साथ नूंह-होडल रोड स्थित पैप्सी प्लांट के पास घेराबंदी कर नाकाबंदी शुरू कर दी। कुछ ही देर बाद संदिग्ध कंटेनर मौके पर पहुंचा। पुलिस को देखकर चालक घबरा गया और वाहन छोड़कर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे कुछ ही दूरी पर दबोच लिया।

कुल 15,672 बीयर कैन जब्त
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आसिफ पुत्र आस मोहम्मद निवासी गांव कोटला, जिला नूंह के रूप में हुई है। कंटेनर की तलाशी लेने पर अंदर से 513 पेटी टुबर्ग बीयर और 140 पेटी थंडर बोल्ट बीयर बरामद हुई। कुल 15,672 बीयर कैन जब्त की गई हैं।
वैध परमिट या लाइसेंस पेश नहीं कर सका
पूछताछ में आरोपी कोई वैध परमिट या लाइसेंस पेश नहीं कर सका। उसने दवाइयों की सप्लाई से जुड़े कुछ बिल दिखाए, लेकिन पुलिस को दस्तावेजों पर भी संदेह है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम व भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चौकी जयसिंहपुर की इस कार्रवाई को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
अवैध शराब तस्करी, नशा कारोबार और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान जारी
नूंह पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने कहा कि जिले में अवैध शराब तस्करी, नशा कारोबार और संगठित अपराध के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा, किसी भी कीमत पर अवैध कारोबार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जयसिंहपुर चौकी की टीम ने बेहद सराहनीय कार्य किया है। पुलिस की टीमें लगातार सक्रिय हैं और ऐसे तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही।

