परवेज खान, अम्बाला। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा है कि 1857 की आजादी की पहली लड़ाई को समर्पित शहीद स्मारक का उद्घाटन जल्द किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी इस स्मारक का दौरा कर चुके हैं। ऐसे में अब बचे हुए सभी छोटे-मोटे कार्यों को युद्ध स्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने शनिवार को अम्बाला स्थित शहीद स्मारक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उपायुक्त अजय सिंह तोमर, एसडीएम कनिका गोयल और शहीद स्मारक के निदेशक डॉ. कुलदीप सैनी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान मंत्री विज ने कहा कि यह स्मारक राष्ट्रीय स्तर का होगा। यहां देशभर से पर्यटक पहुंचेंगे। इसलिए स्मारक से जुड़े सभी कार्य गुणवत्ता और समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने उम्मीद जताई कि देश के प्रधानमंत्री Narendra Modi इस भव्य स्मारक का उद्घाटन कर सकते हैं।
मंत्री ने अधिकारियों को टिकट व्यवस्था, प्रवेश और निकास द्वार, संग्रहालय की प्रकाश व्यवस्था, सीढ़ियों और रैंप पर लाइटिंग, रेलिंग और गैलरी से बाहर तक रास्तों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उद्घाटन अब नजदीक है, इसलिए किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को जीटी रोड पर एक्सीलेटर, सजावटी लाइट और पौधरोपण कराने के निर्देश भी दिए। वहीं लोक निर्माण विभाग के विद्युत विंग को स्मारक परिसर के अंदर और बाहर बेहतर रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
अनिल विज ने यह भी कहा कि अंबाला छावनी से 1857 की क्रांति मेरठ से करीब 10 घंटे पहले शुरू हुई थी। इस ऐतिहासिक तथ्य को थ्री-डी तकनीक के जरिए स्मारक में दिखाया जाए ताकि आने वाली पीढ़ियां इतिहास को बेहतर तरीके से समझ सकें उन्होंने कहा कि यह शहीद स्मारक युवाओं के लिए प्रेरणा का बड़ा केंद्र बनेगा और देशभक्ति की भावना को मजबूत करेगा।

