धनेश, कैथल। ग्यारह रुद्री मंदिर परिसर में सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने पर ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूंडरी विधायक सतपाल जांबा शामिल हुए। इस दौरान डीसी अपराजिता और पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने शिवालय में जलाभिषेक किया।

समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के लाइव संबोधन का प्रसारण भी किया गया। विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि सोमनाथ मंदिर का इतिहास भारत के अटूट गौरव का प्रतीक है। अनेक आक्रमणों के बाद भी यह मंदिर हर बार और अधिक भव्यता के साथ खड़ा हुआ।

यह राष्ट्रीय महोत्सव 11 जनवरी 2027 तक चलेगा, जिसका उद्देश्य देश की युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली इतिहास से जोड़ना है। कार्यक्रम में लोक कलाकारों और विद्यार्थियों ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया।