अनिल शर्मा, बराड़ा (अंबाला)। भीषण गर्मी और 42 डिग्री के रिकॉर्ड तोड़ तापमान के बावजूद रविवार को बराड़ा में मानवता की एक अनूठी मिसाल देखने को मिली। यहां राष्ट्र जागरण मंच ट्रस्ट की तरफ से श्री गुरु तेग बहादुर गुरुद्वारा साहिब में एक विशाल रक्तदान शिविर लगाया गया। कड़कती धूप के बाद भी युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों का जोश कम नहीं हुआ और उन्होंने बढ़-चढ़कर स्वेच्छा से खूनदान किया।

रक्तदान महादान है: रजत मलिक ने थपथपाई युवाओं की पीठ
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे बराड़ा नगर पालिका अध्यक्ष रजत मलिक ने रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया। उनके साथ विशिष्ट अतिथि साहिल वर्मा और रोटरी क्लब बराड़ा के गुनविंदर सिंह भी मौजूद रहे। रजत मलिक ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई पुण्य का काम नहीं है क्योंकि इसे किसी फैक्ट्री या मशीन में नहीं बनाया जा सकता, यह एक इंसान ही दूसरे इंसान को दे सकता है। ऐसे दौर में युवाओं का आगे आना समाज के लिए बड़ी प्रेरणा है।
मिशन अस्पताल की टीम ने सुरक्षित तरीके से संभाली कमान
गर्मियों के मौसम में अस्पतालों में होने वाली खून की किल्लत को दूर करने के लिए यह विशेष शिविर लगाया गया था। ब्लड कलेक्शन का काम मिशन अस्पताल के निदेशक डॉ. सुनील सादिक और डॉ. एसएम शर्मा की देखरेख में डॉक्टरों की विशेष टीम ने किया। शिविर में पहुंचे सभी रक्तदाताओं की पहले पूरी मेडिकल जांच की गई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच डॉक्टरों की निगरानी में रक्त सुरक्षित किया गया।
गर्मी के कारण ब्लड बैंक में आई कमी को पूरा करने की कोशिश
राष्ट्र जागरण मंच के संस्थापक अमरेंद्र सिंह रोबिन ने बताया कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में पड़ रही अत्यधिक गर्मी के चलते रक्तदान शिविर कम लग रहे थे, जिससे अस्पतालों में खून की कमी हो रही थी। इसी कमी को पूरा करने के लिए यह बीड़ा उठाया गया। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में करण कपूर, अमित मक्कड़, प्रवीण चौहान, अश्विनी, सुरेश, हरजीत सिंह और दविंदर सहित कई स्थानीय लोगों ने अपना पूरा सहयोग दिया।

