भुवनेश्वर: ओडिशा ने सौर ऊर्जा अपनाने और सतत विकास के क्षेत्र में देश के सामने एक शानदार मिसाल पेश की है. मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस सफलता पर राज्य की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा है कि नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में ओडिशा का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा है.

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि मई 2026 में आयोजित किए गए ‘मंथ ऑफ सोलर’ अभियान के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ओडिशा को प्रतिष्ठित ‘पीएम सूर्य घर एक्सीलेंस अवार्ड्स’ के लिए चुना गया है.
ओडिशा ने मध्यम उपभोक्ता संख्या वाले राज्यों की श्रेणी में तीन मुख्य क्षेत्रों में पहला स्थान हासिल किया है:
सर्वाधिक आवेदन
सर्वाधिक सोलर इंस्टॉलेशन
सर्वाधिक डिस्कॉम निरीक्षण
इसके अलावा, राज्य ने ‘अधिकतम वेंडर पंजीकरण’ की श्रेणी में देश भर में तीसरा स्थान हासिल किया है.
मुख्यमंत्री ने इस बड़ी कामयाबी को सरकार की दूरदर्शी सोच, विभिन्न विभागों के बीच बेहतरीन तालमेल और जमीनी स्तर पर अधिकारियों व कर्मचारियों की कड़ी मेहनत का परिणाम बताया है. उन्होंने इस अभियान से जुड़े सभी विभागों, अधिकारियों और हितधारकों को अपनी हार्दिक बधाई दी.
मुख्यमंत्री माझी ने दोहराया कि उनकी सरकार नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में पर्यावरण-अनुकूल विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने भरोसा जताया कि यह उपलब्धि राज्य के बिजली क्षेत्र को काफी मजबूती देगी और आने वाले दिनों में एक ‘आत्मनिर्भर ओडिशा’ के निर्माण की मजबूत नींव रखेगी.

