बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ (Ramayana) को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है. फिल्म की स्टारकास्ट और भव्यता लगातार चर्चा में है. इसी बीच फिल्म का आधिकारिक ट्रेलर जारी कर दिया है, जिसने दुनियाभर के दर्शकों और प्रशंसकों को मंत्रमुग्ध कर दिया है. निर्देशक नितेश तिवारी (Nitesh Tiwari) और निर्माता नमित मल्होत्रा (Namit Malhotra) के प्राइम फोकस स्टूडियोज तथा आठ बार अकादमी पुरस्कार (ऑस्कर) विजेता वीएफएक्स स्टूडियो DNEG द्वारा निर्मित, यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के सहयोग से बनी ‘रामायण’ (Ramayana) दीवाली 2026 पर देशभर में रिलीज होगी. इस फिल्म का वैश्विक वितरण सोनी पिक्चर्स द्वारा तथा उत्तर भारत में धर्मा प्रोडक्शन्स द्वारा किया जाएगा.

बता दें कि फिल्म ‘रामायण’ (Ramayana) का यह ट्रेलर 30 जुलाई 2026 की सुबह हिंदी, कन्नड़, तेलुगु, तमिल और मलयालम सहित 5 भारतीय भाषाओं में एक साथ रिलीज किया गया है. इस प्रभावशाली कलाकारों की टीम का नेतृत्व कर रहे हैं सुपरस्टार रणबीर कपूर, जो भगवान राम के रूप में एक ऐसे आदर्श चरित्र को साकार कर रहे हैं, जो सदियों से प्रेरणा का स्रोत रहा है; साई पल्लवी, जो माता सीता के रूप में इस पूजनीय किरदार में गरिमा, शक्ति और करुणा का समावेश करती हैं; तथा पैन-इंडिया सुपरस्टार यश, जो इस फिल्म के सह-निर्माता भी हैं, रावण के रूप में—एक ऐसा चरित्र जो सिनेमा के सबसे जटिल और शक्तिशाली प्रतिपक्षियों में गिना जाता है.

ये है फिल्म की शानदार स्टारकास्ट

नितेश तिवारी (Nitesh Tiwari) के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ (Ramayana) भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक मानी जा रही है. फिल्म में रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) भगवान राम, साई पल्लवी (Sai Pallavi) माता सीता, यश (Yash) रावण, सनी देओल (Sunny Deol) भगवान हनुमान और रवि दुबे (Ravi Dubey) लक्ष्मण की भूमिका निभाते नजर आएंगे. इसके अलावा काजल अग्रवाल (Kajal Aggarwal) मंदोदरी, रकुल प्रीत सिंह (Rakul Preet Singh) शूर्पणखा और कुणाल कपूर (Kunal Kapur) भगवान इंद्र के किरदार में दिखाई देंगे.

दो भाग में आएगी फिल्म

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘रामायण’ को बड़े पैमाने पर तैयार किया जा रहा है और इसका बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, जिससे यह भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल हो सकती है. फिल्म को दो भागों में रिलीज किया जाएगा. पहला भाग इस साल दिवाली पर सिनेमाघरों में आएगा, जबकि दूसरा भाग अगले साल 2027 दिवाली के मौके पर रिलीज होगा.