गर्मी की छुट्टियों के बीच ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर दर्शकों के लिए मनोरंजन का खजाना खुल चुका है. एक ओर रोमांस और फैमिली ड्रामा से भरपूर कंटेंट देखने को मिल रहा है, तो दूसरी ओर क्राइम और थ्रिलर जॉनर की नई पेशकशें भी दर्शकों का ध्यान खींच रही हैं. इसी कड़ी में Prime Video ने अपनी बहुप्रतीक्षित ओरिजिनल इन्वेस्टिगेटिव क्राइम थ्रिलर सीरीज ‘राख’ (Raakh) का दमदार और रोंगटे खड़े कर देने वाला ट्रेलर रिलीज कर दिया है.

ऐसे होती है ट्रेलर की शुरुआत

ट्रेलर की शुरुआत एक ऐसे सवाल से होती है, जिसे कोई भी माता-पिता अपने जीवन में कभी सुनना नहीं चाहेंगे. कहानी 1970 के दशक के आखिरी वर्षों की दिल्ली की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जब लोगों को अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर ज्यादा चिंता नहीं होती थी. लेकिन एक भयावह अपराध पूरे देश की सोच बदल देता है और समाज के उस भरोसे को तोड़ देता है, जिसके सहारे लोग अपने बच्चों को सुरक्षित मानते थे.

प्रभावशाली है दृश्य

सीरीज में मोना अरोड़ा का किरदार सोनाली बेंद्रे निभा रही हैं, जबकि आमिर बशीर लेफ्टिनेंट कर्नल अशोक अरोड़ा के रोल में नजर आएंगे. कहानी तब नया मोड़ लेती है, जब उनके बच्चे का रहस्यमय तरीके से अपहरण हो जाता है. इसके बाद शुरू होती है एक ऐसी तलाश, जो सिर्फ एक बच्चे को ढूंढ़ने की नहीं, बल्कि समाज में छिपी भयावह सच्चाइयों को उजागर करने की भी है.

ट्रेलर में दिखाए गए दृश्य बेहद प्रभावशाली और भावनात्मक हैं. एक मां-बाप की बेबसी, उम्मीद और अपने बच्चे को वापस पाने की जद्दोजहद को बेहद संवेदनशील तरीके से पेश किया गया है. साथ ही, अपराध की क्रूरता और अपराधियों की मानसिकता को भी गहराई से दिखाया गया है. यह कहानी केवल एक अपराध की नहीं, बल्कि इंसान के भीतर छिपे अंधेरे और हैवानियत के डरावने चेहरे को सामने लाने का प्रयास करती है.

अली फजल करेंगे मामले की जांच

सीरीज में अली फजल सब-इंस्पेक्टर जयप्रकाश की भूमिका निभा रहे हैं, जो इस सनसनीखेज मामले की जांच का जिम्मा संभालते हैं. अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश में वह ऐसे रहस्यों और मानसिक विकृतियों से रूबरू होते हैं, जो इंसानियत को झकझोर कर रख देती हैं. ट्रेलर में अली फजल का गंभीर और प्रभावशाली अंदाज दर्शकों को काफी आकर्षित कर रहा है. सीरीज ‘राख’ (Raakh) का निर्देशन और एग्जीक्यूटिव प्रोडक्शन प्रोसित रॉय ने किया है. वहीं, अनुषा नंदकुमार और संदीप साकेत ने इस सीरीज को बनाया, लिखा और सह-निर्देशित किया है. इसके संवाद आयुष त्रिवेदी ने लिखे हैं, जो ट्रेलर में कहानी की गंभीरता को और मजबूत बनाते नजर आते हैं.

कब हो रही रिलीज

क्राइम, सस्पेंस और इमोशनल ड्रामा से भरपूर यह सीरीज 12 जून को Prime Video पर रिलीज होगी और दुनिया भर के 240 देशों एवं क्षेत्रों में स्ट्रीम की जाएगी. ट्रेलर को मिले शानदार रिस्पॉन्स के बाद दर्शकों की उत्सुकता अब इस सीरीज की रिलीज को लेकर और भी बढ़ गई है. सीरीज ‘राख’ (Raakh) उन दर्शकों के लिए खास साबित हो सकती है, जिन्हें गहरे रहस्य, दमदार अभिनय और सस्पेंस से भरी कहानियां पसंद हैं.