रेवाड़ी। जिस बेटे को मां ने बचपन से पाल-पोसकर बड़ा किया, बुढ़ापे में वही उसके लिए परेशानी का कारण बन गया। हरियाणा के रेवाड़ी में एक बुजुर्ग महिला ने अपने बेटे पर मारपीट करने और घर से निकालने की कोशिश करने का आरोप लगाया। महिला की शिकायत सुनकर महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शनी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने बेटे को तुरंत गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
मां के साथ मारपीट, कुंडल छीनने का आरोप
बुजुर्ग महिला ने जनसुनवाई के दौरान अपनी आपबीती बताई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनका बेटा उन्हें घर से बाहर निकालना चाहता है। विरोध करने पर उसने उनके साथ मारपीट की। महिला के मुताबिक, बेटे ने उन्हें जमीन पर पटक दिया और उनके कपड़े तक फाड़ दिए। इतना ही नहीं, वह उनके सोने के कुंडल भी छीनकर ले गया।
महिला की शिकायत सुनने के बाद आयोग की चेयरपर्सन ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने आरोपी बेटे की गिरफ्तारी के निर्देश जारी किए। साथ ही उसे मां के सोने के कुंडल बनवाकर देने के लिए भी कहा।
भरी मीटिंग में हुई कार्रवाई
यह जनसुनवाई गुरुवार को रेवाड़ी में ‘आयोग आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत हुई। इस दौरान महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शनी ने लोगों की शिकायतें सुनीं। बुजुर्ग मां से जुड़े मामले में उन्होंने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस जनसुनवाई में दो अन्य मामले भी सामने आए। एक महिला ने अपने पड़ोसी पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया और वीडियो साक्ष्य पेश किए। वहीं, एक अन्य शिकायतकर्ता ने पटवारी और गिरदावर पर आठ लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया। सबूत मांगने पर शिकायतकर्ता स्पष्ट जवाब नहीं दे सका। इसके बाद आयोग की चेयरपर्सन ने उसके खिलाफ झूठी शिकायत करने के मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

