भारत की सबसे पसंदीदा वेब सीरीज में शामिल Panchayat के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. लंबे इंतजार और कई तरह की चर्चाओं के बाद आखिरकार मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर कन्फर्म कर दिया है कि शो का पांचवां सीजन आने वाला है. सीजन 4 की जबरदस्त और इमोशनल एंडिंग के बाद दर्शक लगातार यह जानना चाहते थे कि फुलेरा गांव की कहानी आगे किस मोड़ पर पहुंचेगी. अब इस सस्पेंस से पर्दा उठ चुका है और मेकर्स ने साफ कर दिया है कि Amazon Prime Video पर ‘पंचायत’ सीजन 5 साल 2026 में रिलीज किया जाएगा.

इस सीजन में क्या होगा खास

ग्रामीण परिवेश पर आधारित यह कॉमेडी-ड्रामा पिछले कुछ वर्षों में दर्शकों के दिलों पर राज करता आया है. इसकी खासियत सिर्फ इसकी कहानी नहीं, बल्कि इसके बेहद साधारण लेकिन दिल को छू लेने वाले किरदार भी हैं. यही वजह है कि फुलेरा गांव अब लोगों के लिए किसी असली जगह जैसा महसूस होने लगा है. नए सीजन में एक बार फिर जितेन्द्र कुमार, अभिषेक त्रिपाठी के किरदार में नजर आएंगे. इंजीनियरिंग ग्रेजुएट से पंचायत सचिव बने अभिषेक का संघर्ष, गांव की राजनीति और रिश्तों के बीच उनका सफर ही इस सीरीज की आत्मा रहा है.

ये कलाकार करेंगे आपका मनोरंजन

इसके अलावा शो के बाकी लोकप्रिय किरदार भी वापसी करेंगे।नीना गुप्ता मंजू देवी के रोल में, रघुबीर यादव प्रधान पति के किरदार में, जबकि फैजल मलिक और चंदन रॉय एक बार फिर अपनी दमदार मौजूदगी से दर्शकों को एंटरटेन करते दिखाई देंगे. वहीं रिंकी के किरदार में सानविका की मौजूदगी भी कहानी में नए इमोशनल रंग भर सकती है. फैंस खासतौर पर अभिषेक और रिंकी की बढ़ती नजदीकियों को लेकर काफी उत्साहित हैं.

क्या-क्या दिखेगा खास

इस सीरीज को The Viral Fever यानी TVF ने बनाया है. इसकी कहानी चंदन कुमार ने लिखी है, जबकि निर्देशन की कमान दीपक कुमार मिश्रा ने संभाली है. यही वह टीम है जिसने गांव की जिंदगी, छोटे-छोटे संघर्ष, राजनीति और रिश्तों को इतने सरल और मजेदार अंदाज में पेश किया कि हर वर्ग का दर्शक इससे जुड़ गया.

‘पंचायत’ की सबसे बड़ी ताकत इसका देसीपन और जमीनी ह्यूमर रहा है. शो में दिखाए गए संवाद और किरदार लोगों को अपने गांव और आसपास के लोगों की याद दिलाते हैं. चाहे मंजू देवी का शांत अंदाज हो, प्रधान पति की राजनीति, विकास की वफादारी या फिर बिनोद और बनराकस की कॉमिक टाइमिंग—हर किरदार ने दर्शकों के दिल में खास जगह बनाई है.

दिखेगा इमोशनल ड्रामा और चुनावी टकराव

अब सीजन 5 में फुलेरा गांव की राजनीति और रिश्तों में नए उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं. माना जा रहा है कि इस बार कहानी में ज्यादा इमोशनल ड्रामा, चुनावी टकराव और अभिषेक के भविष्य को लेकर बड़े फैसले देखने को मिलेंगे. ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि ‘पंचायत’ का अगला सीजन एक बार फिर दर्शकों को हंसाने, रुलाने और जिंदगी की छोटी-छोटी बातों से जोड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है.