अनिल मालवीय, इछावर। सीहोर की इछावर विधानसभा में भीषण गर्मी के चलते जल संकट गहराता जा रहा है। हालात इतने भयावह हो चुके हैं कि पानी के लिए संघर्ष करना दैनिक कार्य का हिस्सा बन चुका है। सीहोर जिले के दर्जनों गांव आलमपुरा, जमनी और बड़ी कुलास में लोग सुबह से लेकर शाम तक केवल पानी की खोज में भटकने को मजबूर हैं। यहां महिलाएं, बच्चे और पुरुष तपती धूप में खाली बर्तन लिए कोसो दूर चलकर जाते हैं तब उन्हें पानी की कुछ बूंदे नसीब होती है।
बताया जा रहा है कि इलाके के सभी हैंडपंप सूख चुके हैं और नलों में कई दिनों से पानी भी नहीं आया है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी के लिए उन्हें बहुत दूर तक जाना पड़ता है उसमें भी उन्हें साफ पानी नसीब नहीं होता।

समाजसेवी एवं किसान एम एस मेवाड़ा ने बताया कि कई बार प्रशासन से गुहार लगाई गई लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं। अब जरूरत है एक सामूहिक आवाज उठाने की जिससे यह दर्द शासन तक पहुंचे और इस मामले में कोई ठोस कदम उठाए जाएं। यही नहीं सरकार की महत्वकांछी योजना जल जीवन मिशन भी यहां फेल होती दिख रही है। उन्होंने आगे कहा कि यह केवल पानी का संकट नहीं है बल्कि इंसानियत की परीक्षा है जिसमें हर किसी को आगे आकर इस प्यास को बुझाने की जिम्मेदारी निभानी होगी।


