नितिन नामदेव, रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती स्थित सिद्धपीठ शीतला माता मंदिर परिसर में लगे सूचना बोर्ड लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बोर्ड पर यादव समाज की महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक शब्द लिखे जाने का आरोप लगाते हुए यादव समाज ने नाराजगी जताई है। मामले को लेकर समाज के लोग पुरानी बस्ती थाने पहुंचे और मंदिर के पीठाधीश नीरज सैनी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। वहीं मामले को लेकर विधायक देवेंद्र यादव भी गुस्से में नजर आ रहे हैं।

सूचना बोर्ड पर लिखे शब्दों से नाराजगी

जानकारी के अनुसार, शीतला माता मंदिर परिसर में लगे सूचना बोर्ड पर ठग रौताइनों से सावधान, जल चढ़ाने हेतु किसी भी रौताइन को रुपये न दें लिखा गया था। यादव समाज का आरोप है कि इस तरह के शब्दों से समाज की महिलाओं का अपमान हुआ है और इससे पूरे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। समाज के लोगों ने मांग की है कि सूचना बोर्ड से इस तरह के आपत्तिजनक शब्दों को हटाया जाए।

पुरानी बस्ती थाने पहुंचा यादव समाज

इस मामले को लेकर यादव समाज के प्रतिनिधि पुरानी बस्ती थाने पहुंचे और मंदिर के पीठाधीश नीरज सैनी के खिलाफ शिकायत की। समाज की ओर से सूचना बोर्ड पर लिखे शब्दों को लेकर आपत्ति जताई गई और उन्हें हटाने की मांग की गई। शिकायत में मंदिर परिसर के सूचना बोर्ड पर लिखे कथित आपत्तिजनक शब्दों को समाज की महिलाओं के सम्मान से जुड़ा मामला बताया गया है।

आपसी सहमति से शब्द हटाने की बात

जानकारी के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से संबंधित शब्द को सूचना बोर्ड से हटाने की बात भी सामने आई है। फिलहाल, मंदिर परिसर के सूचना बोर्ड पर लिखे शब्दों को लेकर विवाद चर्चा में है।

गुस्से में विधायक देवेंद्र

एक तरफ नवरात्र में मां भगवती की पूजा हो रही है दूसरी तरफ संपूर्ण यादव राउत समाज की अस्मिता हमारी माताओं बहनों को जातीसूचक शब्द का प्रयोग कर उन्हें ठग बतलाया जा रहा है। रायपुर के शीतला मंदिर के व्यवस्थापक/पुजारी द्वारा लगाए गए ऐसे पोस्टर से पूरा समाज आहत हुआ है। यह हरकत अक्षम्य है! शासन प्रशासन से अपील करता हूं कि जिसने भी यह कृत्य किया है उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही हो। ॐ शीतलाय नमः

किसी समाज के लोगों को ऐसा बोलना सही नहीं- पूर्व विधायक

इधर इस पूरे मामले में पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि मंदिरों में सभी की आस्था होती है। सभी की भावना जुड़ी होती है और ऐसे समय में कोई व्यक्ति ऐसा काम करता है, तो भगवान उसको सद्बुद्धि दे। किसी समाज के लोगों को ऐसा बोलना सही नहीं है। भगवान इनको सद्बुद्धि दे।

शीतला मंदिर के पीठाधीश का सामने आया बयान

इस पूरे मामले में शीतला मंदिर के पीठाधीश नीरज सैनी ने कहा कि पिछले 17 साल पहले भी ऐसे पोस्ट लगे थे, तब किसी को आपत्ति नहीं थी, लेकिन अभी यह आपत्ति यादव समाज को क्यों हो रही है। कल रात को अचानक बहुत सारे लोग आए, यहां पर शोर शराबा किया। हमारे खिलाफ पुलिस में शिकायत की। हमारा कहना है कि मंदिर में पूजा पाठ करें, लेकिन किसी भी श्रद्धालु से पैसा ना लें। ऐसी शिकायतें आ रही थी जिसके चलते यह पोस्टर चिपकाए जाते हैं, लेकिन कल यादव समाज के लोग आए और पोस्ट में टेप चिपका दिया।

क्या नीरज सैनी की होगी गिरफ्तारी ?

एक ओर जहां पीठाधीश नीरज सैनी के बयान से स्पष्ट है कि उनकी ओर से कोई गलती नहीं हुई है, तो वहीं दूसरी ओर यादव समाज ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है। अब देखना ये होगा कि क्या इस मामले में नीरज सैनी की गिरफ्तारी होगी या फिर कोई अन्य कार्रवाई देखने को मिलेगी ?

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H