रांची। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची की पार्किंग में चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए मुख्य सर्वर बूथ को निशाना बनाया। चोर यहां से इन्वर्टर, दो पीसी, हैंड मशीन, डीवीआर, कैमरा और केबल वायर समेत कई कीमती उपकरण चोरी कर ले गए। घटना का पता सुबह कर्मचारियों के ड्यूटी पर पहुंचने के बाद चला।
जानकारी के अनुसार, सुबह जब एयरपोर्ट पार्किंग के कर्मचारी कार्यस्थल पर पहुंचे तो मुख्य सर्वर बूथ में रखे कई उपकरण गायब मिले। कर्मचारियों ने आसपास के इलाके में चोरी गए सामान की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
पार्किंग मैनेजर ने दर्ज कराई प्राथमिकी
घटना को लेकर एयरपोर्ट पार्किंग मैनेजर अविनाश चंद्र तिवारी ने लिखित शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
शिकायत में बताया गया है कि चोर मुख्य सर्वर बूथ में घुसकर हजारों रुपये कीमत के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामान ले गए। चोरी हुए सामान में इन्वर्टर, दो PC, हैंड मशीन, DVR, कैमरा और केबल वायर शामिल हैं।
CCTV और अन्य साक्ष्यों से जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस एयरपोर्ट पार्किंग और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
फिलहाल चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर जांच कर रही है। एयरपोर्ट जैसे संवेदनशील स्थान की पार्किंग में चोरी की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।


