रामनगर उच्च विद्यालय में रात के अंधेरे में वारदात, कार्यालय समेत कई कमरों के ताले तोड़े; सुबह शिक्षकों को मिली घटना की जानकारी
चतरा। जिले के कान्हाचट्टी प्रखंड अंतर्गत राजपुर थाना क्षेत्र की चिरीदिरी पंचायत स्थित रामनगर उच्च विद्यालय में गुरुवार रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर विद्यालय के मुख्य गेट का ताला तोड़कर परिसर में घुसे और कार्यालय सहित कई कमरों के ताले तोड़कर लाखों रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर दिया।
घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह उस समय हुई, जब विद्यालय के शिक्षक सुजीत कुमार राम स्कूल पहुंचे। उन्होंने मुख्य गेट का ताला टूटा देखा। अंदर जाने पर कार्यालय समेत कई कमरों के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद तत्काल विद्यालय प्रबंधन और स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। चोरी गए सामान का आकलन किया जा रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन और ग्रामीणों में नाराजगी है तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।


