० वेंटिलेटर तोड़कर दुकान में घुसे बदमाश, सीसीटीवी का डीवीआर भी ले गए; रेकी के बाद वारदात की आशंका

चक्रधरपुर। शहर के मुख्य मार्ग स्थित रश्मी इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में गुरुवार देर रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाश दुकान से लाखों रुपये मूल्य के आईफोन, मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोर दुकान के ऊपरी हिस्से में बने वेंटिलेटर को तोड़कर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद सबल की मदद से ग्रिल और शटर तोड़ते हुए ग्राउंड फ्लोर स्थित मुख्य शोरूम तक पहुंचे और वहां रखे महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान पर हाथ साफ कर दिया।

सीसीटीवी का डीवीआर भी ले गए

चोरी के बाद आरोपी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर बॉक्स भी अपने साथ ले गए, ताकि घटना से जुड़े सबूत पुलिस के हाथ न लग सकें। इससे पुलिस को शुरुआती जांच में कुछ मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

रेकी के बाद वारदात की आशंका

चोरी की शैली को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने वारदात से पहले दुकान की रेकी की थी और पूरी योजना के तहत घटना को अंजाम दिया। फिलहाल चोरी गए सामानों की वास्तविक कीमत का आकलन किया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।