कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। एक समय था…जब मेरे थाने पर खड़े होने से थाना कांप जाता था और आज मैं अपने ही बेटे से कोर्ट में हाजिर होने की बात कह रहा हूं। यह कहना है शिवपुरी की पिछोर विधानसभा से बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी का। ग्वालियर जिला कोर्ट से बेटे दिनेश लोधी के खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद प्रीतम लोधी का भावुक वीडियो सामने आया है। उन्होंने कानून को सर्वोपरि बताते हुए बेटे से न्यायालय में पेश होकर कानूनी प्रक्रिया का सामना करने की अपील की है।
दिनेश कोर्ट में हाजिर हो
दरअसल ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना में दर्ज एससी-एसटी एक्ट के मामले में जिला न्यायालय ने हाल ही में प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी के खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। जिसके साथ ही दिनेश को फरार घोषित किया गया है। इस कार्रवाई के बाद वीडियो जारी कर कहा कि उन्होंने अपनी पत्नी और बेटे दोनों से साफ कह दिया है कि दिनेश कोर्ट में हाजिर हो। न्यायालय जो भी फैसला सुनाए,सजा दे या बरी करे,वह फैसला स्वीकार होना चाहिए, क्योंकि उन्हें कानून और न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है।
गड़रिया गिरोह को आत्मसमर्पण कराया था
अपने बयान में प्रीतम लोधी ने अपने पुराने राजनीतिक और सामाजिक प्रभाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब उनके थाने पहुंचने से ही माहौल बदल जाता था। जिन अपराधियों तक पुलिस नहीं पहुंच पाती थी, उन्हें भी वह कानून के सामने सरेंडर करवाते थे। उन्होंने दावा किया कि दयाराम गड़रिया गिरोह से जुड़े कई लोगों को भी उन्होंने थाने में आत्मसमर्पण कराया था। लेकिन आज हालात ऐसे हैं कि वह अपने ही बेटे को कानून के सामने पेश होने की सलाह दे रहे हैं।
न्यायालय में हाजिर होते या पुलिस गिरफ्तार करती
विधायक प्रीतम का यह बयान इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि उन्होंने अपने बेटे के मामले में किसी तरह की पैरवी या बचाव की बात नहीं कही, बल्कि खुलकर कहा कि कानून सबके लिए बराबर है और दिनेश को कोर्ट में पेश होकर न्यायिक प्रक्रिया का सामना करना चाहिए। हालांकि उन्होंने अपने बयान में ये जरूर कहा कि उनके दौर में थाना जरूर कांप जाता था। बहरहाल अब देखना होगा कि दिनेश लोधी कब न्यायालय में हाजिर होते हैं या पुलिस उन्हें गिरफ्तार करती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

