Dharm Desk – जुलाई महीना धार्मिक आस्था और परंपराओं के रंग में पूरी तरह रंगा हुआ नजर आएगा. इस महीने की खास बात यह है कि एक के बाद एक बड़े पर्व श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर देंगे. 16 जुलाई को निकलने वाली श्री जगन्नाथ रथयात्रा जहां भक्ति का विराट स्वरूप दिखाएगी. वहीं 15 से 23 जुलाई तक चलने वाली आषाढ़ गुप्त नवरात्रि साधना और सिद्धि का विशेष अवसर लेकर आएगी. इसके बाद 25 जुलाई को देवशयनी एकादशी के साथ चातुर्मास की शुरुआत होगी. जब भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हैं और मांगलिक कार्यों पर विराम होगा है. वहीं 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा श्रद्धा का संदेश देगी और 30 जुलाई से सावन मास शुरू होते ही शिव भक्ति का माहौल पूरे देश में छा जाएगा.

जुलाई की शुरुआत से ही व्रत-त्योहारों का सिलसिला शुरू हो जाएगा. 3 जुलाई को संकष्टी चतुर्थी के साथ महीने की धार्मिक शुरुआत होगी, जबकि 10 जुलाई को योगिनी एकादशी और 12 जुलाई को मासिक शिवरात्रि जैसे महत्वपूर्ण व्रत श्रद्धालुओं के लिए खास रहेंगे. इस दौरान भगवान शिव और विष्णु की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है.
- आषाढ़ गुप्त नवरात्रि: साधना का विशेष समय
15 जुलाई से शुरू होने वाली गुप्त नवरात्रि को साधकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. इस दौरान मां दुर्गा की दस महा विद्याओं की पूजा की जाती है, और तंत्र-मंत्र साधना का विशेष महत्व रहता है. यह समय आध्यात्मिक उन्नति और मनोकामना पूर्ति के लिए शुभ है.
- जगन्नाथ रथयात्रा: आस्था का विराट पर्व
16 जुलाई को पुरी में निकलने वाली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा देश-विदेश में प्रसिद्ध है. इस दिन भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा रथ पर सवार होकर गुंडिचा मंदिर की यात्रा करते है. लाखों श्रद्धालु इस दिव्य दृश्य के साक्षी बनते हैं.
- देवशयनी एकादशी: चातुर्मास का आरंभ
25 जुलाई को देवशयनी एकादशी के साथ चातुर्मास शुरू होगा. मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु 4 महीने के लिए योगनिद्रा में चले जाते हैं. इस अवधि में विवाह, गृह प्रवेश जैसे शुभ कार्यों पर रोक लग जाती है और भक्ति व साधना का महत्व बढ़ जाता है.
- गुरु पूर्णिमा और सावन की शुरुआत
29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा मनाई जाएगी. जो गुरु के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का पर्व है. इसके अगले दिन 30 जुलाई से सावन मास शुरू होगा, जो भगवान शिव को समर्पित होता है. पूरे महीने शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ती है.
जुलाई 2026 के प्रमुख व्रत-त्योहारों की सूची
03 जुलाई– संकष्टी चतुर्थी
10 जुलाई – योगिनी एकादशी
12 जुलाई – रवि प्रदोष व्रत, मासिक शिवरात्रि
15 जुलाई – आषाढ़ गुप्त नवरात्रि प्रारंभ
16 जुलाई – जगन्नाथ रथयात्रा, कर्क संक्रांति
21 जुलाई– मासिक दुर्गाष्टमी
25 जुलाई – देवशयनी, एकादशी
26 जुलाई – रवि प्रदोष व्रत
29 जुलाई – गुरु पूर्णिमा
30 जुलाई– सावन मास प्रारंभ

