अमेरिका में जन्मजात नागरिकता को लेकर बहस तेज हो गई है. इस बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने भी इसपर खुलकर बयान दिया है. ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट किए गए एक बेहद तीखे और विवादास्पद पत्र में भारत, चीन समेत कई अन्य देशों को ‘नर्क’ (Hellholes) कहकर संबोधित किया है. ट्रंप ने अपने पत्र में दावा किया कि कैलिफोर्निया के टेक सेक्टर की नौकरियों पर भारत और चीन के लोगों का वर्चस्व है, जिससे अन्य लोगों के लिए अवसर सीमित हो गए हैं. उन्होंने जन्मजात नागरिकता वाली नीति की कड़ी आलोचना करते हुए कहा, ‘यहां पैदा हुआ बच्चा तुरंत नागरिक बन जाता है, और फिर वे चीन, भारत या प्लानेट के किसी अन्य ‘नर्क’ से अपने पूरे परिवार को यहां ले आते हैं.’

वकील नहीं देश तय करे जन्मजात नागरिकता का मुद्दा

ट्रंप ने तर्क दिया कि जन्मजात नागरिकता का मुद्दा अदालतों या वकीलों द्वारा तय नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि इसके लिए राष्ट्रीय स्तर पर मतदान होना चाहिए. उन्होंने दावा किया कि एक सोशल मीडिया पोल के अनुसार बहुसंख्यक जनता इस नीति को प्रतिबंधित करने के पक्ष में है. ट्रंप का मानना ​​है कि मौजूदा संवैधानिक व्याख्या का आव्रजन पैटर्न से कोई लेना-देना नहीं है.

राष्ट्रपति ने ‘अमेरिकन सिविल लिबर्टीज यूनियन’ (ACLU) को एक ‘आपराधिक’ संस्था करार दिया और सुझाव दिया कि उन पर ‘RICO’ कानूनों (जो संगठित अपराध के खिलाफ इस्तेमाल होते हैं) के तहत एक्शन होना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रवासी स्वास्थ्य सेवा जैसी सार्वजनिक सुविधाओं का दुरुपयोग कर रहे हैं और टैक्स देने वाले अमेरिकी नागरिकों पर इसका बोझ पड़ रहा है.

सांस्कृतिक पहचान का मुद्दा

ट्रंप ने अपने पत्र में यह भी दावा किया कि बड़े पैमाने पर हो रहे आव्रजन से अमेरिका की सांस्कृतिक और भाषाई पहचान प्रभावित हो रही है. उन्होंने ‘चेन माइग्रेशन’ को अमेरिका के लिए एक बड़ा खतरा बताया. यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में जन्मजात नागरिकता को लेकर कानूनी बहस चल रही है. भारत जैसे रणनीतिक साझेदार देश के खिलाफ इस तरह की भाषा के इस्तेमाल से कूटनीतिक गलियारों में नाराजगी बढ़ सकती है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m