अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को रूस को लेकर लिए गए अपने फैसलों का बचाव करते हुए यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की पर बड़ा हमला किया है। उन्होंने कहा कि वह ऐसा कुछ नहीं करना चाहते, जिससे युद्ध में शांति की बातचीत में खलल पड़े। उन्होंने सोशल मीडिया ट्रुथ पर लिखा कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की को रूस की डीजल रिफाइनरियों पर हमला करने पर निशाने पर लिया। ट्रंप ने कहा कि जेलेंस्की यूक्रेन से मिल रही भारी-भरकम मदद के कारण युद्ध को समाप्त नहीं करना चाहते हैं।

यूक्रेन पूरी तरह बर्बाद हो चुका है- ट्रंप

अपने पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि यूरोप से मिल रही भारी रकम और धोखेबाज जो बाइडेन (पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति) की मदद के कारण, वह युद्ध को खत्म नहीं करना चाहते और न चाहते थे। उन्होंने कहा, ‘उनका देश पूरी तरह बर्बाद हो चुका है, कई इलाके छिन चुके हैं, समुद्र और तटीय क्षेत्र उनके हाथ से निकल गए हैं, और पुरुष आबादी कम हो गई है या मारी जा चुकी है। मैं चाहता हूं कि यह युद्ध खत्म हो!’

रूस के साथ बातचीत में प्रगति- ट्रंप

ट्रंप ने लिखा, “रूस को लेकर मेरा फैसला बहुत सीधा है। मैं रूस-यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध में शांति के लिए बातचीत कर रहा हूं, और मैं ऐसा कुछ भी नहीं करना चाहता जिससे रूस बेवकूफी में बातचीत की मेज से दूर चला जाए। बंधकों की रिहाई समेत कई बातों पर काफी अच्छी प्रगति हो रही है। इस समय रूस उस दस्तावेज पर हस्ताक्षर से मना कर सकता है, जबकि मैं उस पर जब चाहूं, हस्ताक्षर कर सकता हूं।’

कोई बेवकूफ रुकावट न डाले तो…

ट्रंप ने आगे कहा कि रूस, ईरान की काफी कम मदद कर रहा है, जबकि वह इससे ज्यादा मदद कर सकता था। मैं चाहता हूं कि स्थिति ऐसी ही बनी रहे, बशर्ते कोई बेवकूफ इंसान इसमें रुकावट न डाले। उन्होंने कहा, ‘जेलेंस्की को पता है कि अमेरिका समेत वैश्विक डीजल बाजार को भारी नुकसान हो रहा है, लेकिन फिर भी वह रूस में डीजल रिफाइनरियों को निशाना बना रहे हैं। इससे किसानों और कारोबार को बहुत नुकसान हो रहा है।’

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m