Dausa E-commerce fraud: राजस्थान के दौसा में साइबर थाना और साइबर सेल ने ई-कॉमर्स फ्रॉड के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह अमेजन से फर्जी नाम और पते पर महंगे सामान मंगवाता था, फिर पार्सल से असली सामान निकालकर उसकी जगह नकली उत्पाद रख देता था। इस तरीके से कंपनी को करीब 19.87 लाख रुपये का चूना लगाया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक एप्पल स्मार्ट वॉच भी बरामद की है।

शिकायत के बाद खुला पूरा खेल
पुलिस के मुताबिक, 11 अगस्त 2025 को कनेक्ट इंडिया कूरियर कंपनी की दौसा शाखा के मैनेजर सतवीर सिंह ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि दौसा डिलीवरी सेंटर पर अमेजन के 19 महंगे ऑर्डर पहुंचे थे, जिनमें Apple Watch Ultra 3 समेत कई कीमती उत्पाद शामिल थे।
डिलीवरी के दौरान इन ऑर्डरों को गलत या अधूरे पते का हवाला देकर रद्द कर दिया गया। लेकिन जब पार्सल वापस अमेजन के वेयरहाउस पहुंचे और उनकी जांच हुई तो पता चला कि उनमें से असली सामान गायब था। उनकी जगह हूबहू दिखने वाले नकली उत्पाद रख दिए गए थे। इस धोखाधड़ी से कंपनी को 19,86,976 रुपये का नुकसान हुआ।
चाय की भाप से खोलते थे पार्सल
जांच में सामने आया कि आरोपी पहले फर्जी नाम और पते से अमेजन पर अकाउंट बनाते थे और महंगे उत्पाद ऑर्डर करते थे। इसके बाद डिलीवरी स्टेशन पर मिलीभगत के जरिए पार्सल अपने कब्जे में ले लेते थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी गर्म चाय की भाप से पार्सल को इस तरह खोलते थे कि उसकी पैकिंग खराब न हो। फिर असली सामान निकालकर उसकी जगह वैसा ही दिखने वाला नकली उत्पाद रख देते थे। इसके बाद पार्सल दोबारा पैक कर डिलीवरी स्टेशन को सौंप दिया जाता था।
स्टेशन मैनेजर पार्सल को गलत पता बताकर रद्द कर देता था। इससे ऑर्डर की पूरी रकम ग्राहक के खाते में वापस आ जाती थी, जबकि आरोपी असली उत्पाद बाजार में बेचकर अलग से मुनाफा कमा लेते थे।
डिलीवरी कंपनी के कर्मचारी की भी मिलीभगत
पुलिस जांच में कनेक्ट इंडिया ई-कॉमर्स सर्विस प्राइवेट लिमिटेड की दौसा शाखा के हब मैनेजर नरेन्द्र बैरवा की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि उसी की मदद से पार्सलों की अदला-बदली की जाती थी।
तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
जयपुर रेंज के आईजी राहुल प्रकाश, दौसा एसपी पीयूष दीक्षित और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शंकर लाल मीणा के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने डिजिटल साक्ष्य, ऑनलाइन अकाउंट, ट्रैकिंग रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी जानकारियों की जांच की। इसके आधार पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में साहिल बंसल, मदन जांगिड, पारस साहू और नरेन्द्र बैरवा शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एप्पल कंपनी की एक स्मार्ट वॉच भी बरामद की है।
पढ़ें ये खबरें
- IND W vs ZIM W 2nd T20I: जिम्बाब्वे ने भारत को दिया 103 रन का लक्ष्य, निकी प्रसाद ने झटके 2 विकेट
- समता रास गरबा उत्सव 2026: नौ दिनों तक भक्ति, परंपरा और उत्साह का संगम, नवमी पर 250 से ज्यादा प्रतिभागियों को दिया जाएगा आकर्षक पुरस्कार…
- सामूहिक आत्महत्या या फिर कुछ और… रेलवे ट्रैक पर मिली पटवारी की लाश: सिर धड़ से अलग, कार में मिला बच्चों का शव
- मुजफ्फरपुर में पिस्टल और चार कारतूस के साथ वांटेड गिरफ्तार, तीन गंभीर मामलों में थी तलाश
- ये क्या तमाशा है… ट्रामा सेंटर में ग्रीन कार्पेट लगाने पर भड़के मंत्री सिंधिया, घायल श्रद्धालुओं से मिलने पहुंचे थे अस्पताल
